राहुल द्रविड़ ने कहा है कि भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में क्वालिफाई करने की दौड़ में पीछे चल रही है और श्रीलंका में अच्छे प्रदर्शन को न्यूजीलैंड दौरे में दोहराना आसान नहीं होगा। WTC फाइनल में दो बार जगह बनाने वाली भारतीय टीम अभी अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसे फाइनल में जगह बनाने के लिए अपने बचे हुए अधिकतर मैच जीतने होंगे।
अगले साल फाइनल में टॉप-2 टीमों के बीच मुकाबला होगा। भारतीय टीम जनवरी 2027 से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले न्यूजीलैंड में दो टेस्ट मैच खेलेगी। भारत इस दौरे पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे और 5 टी20 मैच भी खेलेगा। द्रविड़ ने जियोस्टार से कहा, 'मुझे उम्मीद है कि भारत WTC फाइनल में पहुंचने में सफल रहेगा। अगर भारत मौजूदा स्थिति के बावजूद फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लेता है तो यह शानदार उपलब्धि होगी।'
यह भी पढ़ें: लड़ाई, सफाई, ICC का जुर्माना... मुश्किलों में घिरे यशस्वी को दिग्गजों ने सुनाया
न्यूजीलैंड में खलेगी अनुभवी खिलाड़ियों की कमी
द्रविड़ ने कहा, 'मुझे लगता है कि भारतीय टीम थोड़ा पीछे चल रही है लेकिन टीम बहुत शानदार है और उसे किसी भी स्तर पर कम नहीं आंका जा सकता। उसने श्रीलंका के खिलाफ अच्छी शुरुआत की, इसलिए पहला कदम बहुत अच्छा है।' भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है और बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से दूसरे टेस्ट में भी उसका पलड़ा भारी है।
अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे के बारे में द्रविड़ ने कहा कि विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा जैसे संन्यास ले चुके खिलाड़ियों के अनुभव की कमी दोनों टेस्ट मैचों में महसूस की जाएगी। उन्होंने कहा, 'न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके घरेलू मैदानों पर खेलना हमेशा एक चुनौती होता है। न्यूजीलैंड की टीम कड़ी चुनौती पेश करती है। भारत के कई युवा खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड जैसी परिस्थितियों में नहीं खेला है इसलिए यह बड़ी चुनौती होगी।'
द्रविड़ ने कहा, 'उम्मीद है कि भारतीय खिलाड़ी इस दौरे के लिए पूरी तरह फिट रहेंगे लेकिन हमें विराट कोहली, रोहित शर्मा , अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की कमी खलेगी। भारत ने पिछली बार जब न्यूजीलैंड का दौरा किया था तब ये खिलाड़ी टीम में थे। इसलिए यह सीरीज दिलचस्प होगी।'
यह भी पढ़ें: UP टी20 लीग में चमक रहे अनजान खिलाड़ी IPL तक पहुंच पाएंगे?
BGT जीतना भी मुश्किल - द्रविड़
भारत के पूर्व कप्तान ने कहा कि यहां तक कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज भी आसान नहीं होगी, क्योंकि उसकी टीम में भी ऐसे खिलाड़ी होंगे जो जनवरी में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे। द्रविड़ ने कहा, 'ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला बेहद रोमांचक होगा। उनके कई खिलाड़ी भारत में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे। यह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की एक ऐसी पीढ़ी है, जिसने भारत में जीत हासिल नहीं की है। इसलिए वे ऐसा करने के लिए बेताब होंगे।'
