व्हाइट बॉल क्रिकेट में अपना लोहा मनवा चुके वैभव सूर्यवंशी इस समय दलीप ट्रॉफी में खेल रहे हैं। इस प्रतिष्ठित फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट में उनका डेब्यू अच्छा नहीं रहा और वह 6 गेंद में सिर्फ 8 रन ही बना सके। ईस्ट जोन के उप-कप्तान बनाए गए वैभव ने दो खूबसूरत चौकों के साथ शुरुआत की थी लेकिन वह ज्यादा देर नहीं टिक पाए। इसके बाद उन्हें ट्रोल किया जाने लगा। सोशल मीडिया पर ट्रोल्स ने लिखा कि यह टी20 नहीं है। रेड बॉल क्रिकेट है। यहां सफल होने के लिए क्रीज पर लंबा समय बिताना होगा।

 

वैभव 8 फर्स्ट क्लास मैचों में 207 रन ही बना सके हैं। इस दौरान उनकी औसत 17.25 की ही रही है। जब उन्हें ईस्ट जोन का उप-कप्तान बनाया गया था, तब बवाल भी हुआ था कि 15 साल के बच्चे को यह जिम्मेदारी कैसे दी जा सकती है, जबकि टीम में एक से बढ़कर एक अनुभवी खिलाड़ी हैं। नॉर्थ-ईस्ट जोन के खिलाफ वैभव के सस्ते में आउट होने के बाद उनके ट्रोल होने का यह भी एक बड़ा कारण रहा। इस बीच महान भारतीय क्रिकेटर और पूर्व कोच राहुल द्रविड़ ने वैभव को लेकर ऐसा बयान दिया है, जो सुर्खियां बन बटोर रही हैं। द्रविड़ ने जियोस्टार से कहा है कि वैभव भारतीय टेस्ट टीम में भी जगह बना सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'भारत का WTC फाइनल में पहुंचना...' न्यूजीलैंड दौरे पर क्या बोले राहुल द्रविड़?

वैभव कैसे टेस्ट टीम तक पहुंचेंगे?

द्रविड़ का मानना है कि वैभव को घरेलू क्रिकेट में कुछ सीजन रेड बॉल क्रिकेट खेलने का मौका मिलेगा, तो वह भारतीय टेस्ट टीम में जगह बना सकते हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, 'वैभव के मामले में आपको धैर्य रखना होगा। वह अभी सिर्फ 15 साल का है। मैंने उस बच्चे को जितना देखा है, उससे मुझे कोई संदेह नहीं है कि अगर उसे घरेलू क्रिकेट में कुछ सीजन लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का मौका मिले, तो वह टेस्ट टीम में जगह बनाने में सफल रहेगा।'


वैभव ने अपना IPL डेब्यू द्रविड़ की ही कोचिंग में की थी। द्रविड़ ने 2025 सीजन के लिए हुए ऑक्शन के दौरान उन्हें राजस्थान रॉयल्स की टीम में शामिल करने में अहम भूमिका निभाई थी।

 

यह भी पढ़ें: लड़ाई, सफाई, ICC का जुर्माना... मुश्किलों में घिरे यशस्वी को दिग्गजों ने सुनाया

वैभव ने गेंद से मचाया धमाल

बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने बल्ले से फेल होने के बाद गेंद से कमाल दिखाया। उन्होंने लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी करते हुए नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी के दौरान एक ही ओवर में दो विकेट झटके। वैभव ने 28वें ओवर में पहले किशन लिंगदोह और फिर इमलीवती लेमटुर को पवेलियन भेजा। ईस्ट जोन की टीम बड़ी जीत के करीब है। उसने पहली पारी में 467 रन बनाने के बाद नॉर्थ-ईस्ट को 111 पर ढेर कर फॉलोऑन के लिए मजबूर किया है। फॉलोऑन खेल रही नॉर्थ-ईस्ट जोन की टीम 115 रन पर 8 विकेट गंवा चुकी है।