भारतीय कप्तान शुभमन गिल की घरेलू क्रिकेट में वापसी सिर्फ 5 गेंद तक ही सीमित रही लेकिन कप्तान उदय सहारन ने नाबाद 106 रन की पारी खेल पंजाब को छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहले दिन स्टंप्स तक 269/4 के स्कोर तक पहुंचा दिया। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। विहान मल्होत्रा और हरनूर सिंह ने पहले विकेट के लिए 55 रन जोडकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। मगर ये दोनों 10 रन के अंदर आउट हो गए, जिससे पंजाब का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 65 रन हो गया।
पंजाब को सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब न्यूजीलैंड दौरे से पहले रेड बॉल फॉर्मेट में खेल रहे गिल आते ही पवेलियन लौट गए। उन्हें बाएं हाथ के स्पिनर अजय मंडल ने अंदर आती गेंद पर बोल्ड किया। इससे पंजाब का स्कोर 3 विकेट पर 68 रन हो गया। यहां से सहारन ने पंजाब के लिए संकटमोचक की भूमिका निभाई। उन्हें प्रभसिमरन सिंह (62) के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की।
प्रभसिमरन स्पिनर धर्मेंद्रसिंह जडेजा के हाथों आउट हो गए लेकिन सहारन और सलिल अरोड़ा (नाबाद 38) ने इसके बाद कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों अभी तक 71 रन की साझेदारी कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: लॉर्ड्स में भारत की पहली टेस्ट जीत की कहानी, जब कपिल देव की टीम ने रचा इतिहास
रिंकू ने यूपी को सस्ते में सिमटने से बचाया
एलीट ग्रुप ए के मैच में रिंकू सिंह ने नाबाद 118 रन की शानदार पारी खेलकर उत्तर प्रदेश को मुश्किल स्थिति से उबारा। पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने वाली यूपी की टीम का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया था। रिंकू ने मोर्चा संभाला और अकेले दम पर अपनी टीम को 200 के पार पहुंचाया। रिंकू ने नाबाद 118 रन की पारी खेली। इस दौरान 11 चौके और 2 छक्के लगाए।
यह भी पढ़ें: U23 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप: जसकरण-चंदरमोहन सेमीफाइनल में हारे, Bronze मिलेगा?
यूपी ने 104 रन पर 6 विकेट खो दिए थे। 137 रन तक पहुंचते-पहुंचते उसके 9 विकेट गिर चुके थे। रिंकू ने यहां से वंश चौधरी के साथ मिलकर आखिरी विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। इसमें वंश का योगदान सिर्फ 4 रन का था। यूपी की पारी 202 पर सिमटी। जवाब में गोवा ने बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिए हैं।
