रोहित शर्मा के संन्यास की खबरों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने विराम लगा दिया है। BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने न्यूज एजेंसी PTI के साथ बातचीत में रोहित के भविष्य को लेकर अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को लॉडर्स पर तीसरा वनडे उनका आखिरी मैच नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि सेलेक्टर्स ने 39 साल के रोहित से कह दिया है कि वे उनसे आगे की सोच रहे हैं और यशस्वी जायसवाल को मौका देना चाहते हैं।

 

सैकिया ने इन रिपोर्ट्स को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि फैंस के चहेते 'हिटमैन' कहीं नहीं जा रहे हैं। सैकिया ने कहा, 'रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर मीडिया में काफी अटकलें लगाई जा रही है। मैं पूरे यकीन के साथ कहना चाहता हूं कि ऐसी कोई चर्चा नहीं हो रही है कि रोहित रविवार को लॉडर्स पर अपना आखिरी मैच खेलेंगे।'

 

यह भी पढ़ें: वनडे क्रिकेट में अब जो रूट और KL राहुल जैसे बल्लेबाजों की जरूरत क्यों है?

'देश के लिए खेलते रहेंगे रोहित'

सैकिया ने कहा, 'रोहित भारतीय वनडे टीम के नियमित सदस्य हैं और जब तक टीम के प्लान्स का हिस्सा हैं, देश के लिए खेलते रहेंगें। दूसरे शब्दों में कहूं तो लॉडर्स वनडे उनका आखिरी मैच नहीं है।'

 

माना जा रहा है कि BCCI के आला अधिकारी इस मसले पर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर के रुख से खुश नहीं हैं। BCCI सचिव ने सभी पक्षों से दिन भर चली बातचीत के बाद आधिकारिक बयान जारी किया। BCCI के एक पूर्व अधिकारी ने भी सैकिया के साथ इस मसले का हल निकालने में भूमिका निभाई।

 

यह भी पढ़ें: ICC ने पाकिस्तानी ऑलराउंडर पर लगाया 3 महीने का बैन, डोपिंग से जुड़ा है मामला

 

रोहित इस बात से काफी नाखुश थे कि एक अहम मैच से पहले उन्हें इस फैसले के बारे में बताया गया और वह नाराजगी जाहिर कर चुके थे कि एक सीनियर क्रिकेटर के साथ कैसा बर्ताव हो रहा है। रोहित 300 वनडे क्लब में शामिल होने से 13 मैच दूर हैं। वह टेस्ट और टी20I से संन्यास पहले ही ले चुके हैं।