ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका का विजय रथ जारी है। एडन मारक्रम की कप्तानी वाली टीम ने अपने आखिरी सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे को हरा दिया है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने साउथ अफ्रीका के सामने 154 रन का टारगेट रखा था, जिसे प्रोटियाज टीम ने 17.5 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। साउथ अफ्रीकी टीम इस जीत के साथ प्रोटियाज टीम अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची है, जहां 4 मार्च को उसकी भिड़ंत न्यूजीलैंड से होगी। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेला जाएगा।

सिकंदर रजा की मेहनत पर फिरा पानी

टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को साउथ अफ्रीका ने लगातार अंतराल पर झटके दिए। हालांकि कप्तान सिकंदर रजा एक छोर पर टिके रहे और 43 गेंद में 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 73 रन की पारी खेल जिम्बाब्वे को सम्मानजक स्कोर तक पहुंचा दिया। क्लाइव मडांडे ने 20 गेंद में नाबाद 26 रन का योगदान दिया। साउथ अफ्रीका की ओर से क्वेना मफाका और कॉर्बिन बॉश ने 2-2 विकेट लिए। 

 

यह भी पढ़ें: तीसरी शादी पर बात करने वालों पर क्यों भड़के शोएब मलिक, दे दी कानूनी धमकी?

 

बल्ले से कमाल करने के बाद सिकंदर रजा ने पहले ही ओवर में साउथ अफ्रीका की ओपनिंग जोड़ी तोड़ दी। रजा ने प्रोटियाज टीम के कप्तान एडन मारक्रम (4) को क्लीन बोल्ड किया। अगले ओवर में उन्होंने क्विंटन डिकॉक (0) को चलता कर साउथ अफ्रीका स्कोर 14/2 कर दिया। इसके बाद ब्रैंड इवांस ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में रायन रिकलटन (31) का विकेट झटका। साउथ अफ्रीका का स्कोर 43/3 हो चुका था और जिम्बाब्वे की टीम एक और उलटफेर करती दिख रही थी लेकिन डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने अर्धशतकीय साझेदारी कर उसे बैकफुट पर धकेल दिया।

 

ब्लेसिंग मुजारबानी ने 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर मिलर (22) का विकेट चटकाया। अगले ओवर में रजा ने ब्रेविस (42) को पवेलियन भेज जिम्बाब्वे की उम्मीदें जगाईं। मगर ट्रिस्टन स्टब्स और जॉर्ज लिंडे जम गए। उन्होंने नाबाद 53 रन की पार्टनरशिप की और रजा की मेहनत पर पानी फेर दिया।

 

यह भी पढ़ें: कुदरत का निजाम फेल... पाकिस्तान का सपना तोड़ने वाले पवन रत्नायके कौन हैं?

जिम्बाब्वे ने गंवाए तीनों सुपर-8 मैच

जिम्बाब्वे की टीम ने ग्रुप स्टेज में एक भी मैच नहीं हारी थी। उसने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी बड़ी टीमों को मात दी थी। हालांकि सुपर-8 स्टेज में वह एक भी मैच नहीं जीत सकी। जिम्बाब्वे को वेस्टइंडीज और भारत के बाद साउथ अफ्रीका के हाथों भी बड़ी हार का सामना करना पड़ा।