IPL 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। लीग स्टेज के सभी मैच भी पूरे हो चुके हैं। इसके बाद टीम इंडिया अपना अगला इंटरनेशनल सीरीज अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगी, जिसमें टेस्ट और वनडे मैच शामिल होंगे। वहीं IPL के बाद भारत अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा। इस बीच खबरें ऐसी खबरें भी चल रही हैं कि सूर्यकुमार यादव से टीम इंडिया की टी20 कप्तानी छीनी जा सकती है। ऐसे में IPL 2026 में जिन भारतीय कप्तानों ने अपनी टीमों को शानदार तरीके से लीड किया है, उन्हें टी20 कप्तानी के मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
आपको बता दें कि सूर्यकुमार यादव ने अपनी कप्तानी में टीम को कई मैच जिताए हैं लेकिन उनके बल्ले से रन लगातार नहीं निकल रहे हैं। यही हाल IPL 2026 में भी देखने को मिला। कभी-कभी वह रन बना तो रहे हैं लेकिन रन बनाने की रफ्तार काफी धीमी दिख रही है। टी20 इंटरनेशनल मैचों की बात करें तो सूर्यकुमार यादव के बल्ले से आखिरी अर्धशतक 8 मैच पहले आया था, जो उन्होंने अमेरिका के खिलाफ लगाया था। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ भी एक अर्धशतक जमाया था।
यह भी पढ़ें: हार्दिक, पंत, बुमराह सब फ्लॉप, IPL 2026 में महंगे और दिग्गज खिलाड़ी रहे फिसड्डी
साल 2023 से अब तक सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया की कप्तानी कुल 52 मैचों में की है। इन मैचों में से भारत ने 40 मैच जीते हैं, जबकि 8 मैचों में हार मिली है। 2 मैच टाई रहे और 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल पाया। इस तरह उनका जीत का प्रतिशत 76.92 रहा है। वहीं IPL 2026 में उन्होंने 13 मैच खेले और 20.76 के औसत से 270 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक भी निकले लेकिन ये दोनों अर्धशतक काफी गेंदें खेलने के बाद आए।
IPL 2026 के ये कप्तान हैं मजबूत दावेदार
- श्रेयस अय्यर: अगर सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम की कप्तानी से हटा दिया जाता है तो सबसे बड़े दावेदार के तौर पर श्रेयस अय्यर का नाम सामने आ रहा है। उनकी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने ट्रॉफी भी जीती थी और IPL 2025 से 2026 तक उन्होंने पंजाब किंग्स की कप्तानी भी काफी शानदार तरीके से की है। इस दौरान उन्होंने कई बेहतरीन पारियां भी खेली हैं। इस सीजन तो अय्यर ने अपने IPL करियर का पहला शतक भी लगाया और 5 अर्धशतक भी जड़ दिए हैं।
- शुभमन गिल: शुभमन गिल वैसे तो पहले से ही टीम इंडिया की टेस्ट और वनडे टीम की कप्तानी कर रहे हैं। हालांकि अभी तक उन्होंने वनडे में सिर्फ 6 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से सिर्फ 2 ही जीत दिला पाए हैं। वहीं IPL की बात करें तो गिल 2024 से गुजरात टाइटंस की कप्तानी संभाल रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम लगातार दो बार प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। इस सीजन तो गिल खुद भी शानदार फॉर्म में हैं और खूब रन बना रहे हैं। वह ऑरेंज कैप की रेस में फिलहाल दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।
- ईशान किशन: ईशान किशन ने अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताकर भारतीय टीम में जोरदार वापसी कर ली है। वहीं IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते हुए उन्होंने शुरुआती 7 मैचों में 4 जीत दिलाई थीं। IPL 2026 में अब तक वह 14 मैचों में 569 रन बना चुके हैं और 6 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं। इसी शानदार फॉर्म की वजह से अब वह भी टीम इंडिया की टी20 कप्तानी की रेस में शामिल हो गए हैं।
