श्रीलंका में लगातार हो रही बारिश से टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच फीका पड़ने का खतरा है। मौसम की वजह से सुपर 8 स्टेज का एक मैच पहले ही धुल चुका है और अब इंग्लैंड बनाम श्रीलंका मैच में भी बादल छाए हुए हैं। अगर यह मैच भी कैंसिल हो जाता है तो सुपर 8 के ग्रुप 2 की स्टैंडिंग पूरी तरह उलझ सकती है। जिससे सेमीफाइनल की रेस और भी मुश्किल हो जाएगी। इस वजह से पाकिस्तानी फैंस को चिंता है कि उनकी टीम सेमीफाइनल तक पहुंच भी पाएगी या नहीं।

 

शनिवार, 21 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सुपर 8 मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। अब रविवार, 22 फरवरी को पल्लेकेले के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच हो रहे मैच भी खतरे में है।

 

यह भी पढ़ें: IND vs SA: मारक्रम पर है फोकस... कहीं आउट ऑफ सिलेबस साबित न हो जाएं एनगिडी!

रविवार को पल्लेकेले में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम एजेंसी एक्यूवेदर के अनुसार, रविवार को पल्लेकेले में बारिश की संभावना लगभग 87 प्रतिशत है। रात में यह घटकर लगभग 55 प्रतिशत हो सकती है। लेकिन अनुमान बताते हैं कि पूरे 20 ओवर का मैच होने की संभावना नहीं है। दिन में कई घंटे बारिश और शाम को बूंदाबांदी की उम्मीद है, जिससे मैच में देरी हो सकती है या रुकावट आ सकती है।

मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 स्टेज के मैचों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। इसलिए अगर कोई मैच तय दिन पर पूरा नहीं होता है तो उसे ऑफिशियली नो रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। इस स्थिति में दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट मिलेगा। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, रिजल्ट तय होने के लिए कम से कम पांच ओवर खेले जाने चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप में धीमा क्यों खेल रहे हैं तिलक वर्मा? सूर्या ने किया खुलासा

बिगड़ सकता है पाकिस्तान का समीकरण

पहले ही एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो चुका है, इसलिए सुपर-8 के ग्रुप-2 की स्थिति काफी रोमांचक और टाइट हो गई है। अगर इंग्लैंड और श्रीलंका का मैच भी बेनतीजा रहता है तो चारों टीमों के अंक बराबर हो सकते हैं। ऐसे में आगे के मैच पूरी तरह करो या मरो जैसे बन जाएंगे और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर टीम को अपने बाकी मुकाबले हर हाल में जीतने पड़ेंगे।

 

इस ग्रुप में अब हर टीम को दो-दो मैच और खेलने हैं। पाकिस्तान की बात करें तो उसे सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अपने दोनों मैच जीतना बेहद जरूरी होगा। अगर पाकिस्तान सिर्फ एक मैच जीतती है तो उसे वह मैच बड़े अंतर से जीतना पड़ेगा, ताकि नेट रन रेट बेहतर हो सके। वरना फिर पाकिस्तान को दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।