ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में भारत का पहला मैच साउथ अफ्रीका से है। खिताब की प्रबल दावेदार ये दोनों टीमें रविवार शाम 7 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। टीम इंडिया ने जहां अपने ग्रुप स्टेज के चारों मैच जीते थे, वहीं साउथ अफ्रीका ने भी अजेय रहते हुए सुपर-8 का सफर तय किया है। कप्तान एडन मारक्रम प्रोटियाज टीम की सामने से अगुवाई कर रहे हैं।
मारक्रम ने पारी की शुरुआत करते हुए टीम के लिए सबसे ज्यादा 178 रन बनाए हैं। सबसे खास उनका स्ट्राइक रेट है। मारक्रम अपने अंदाज के विपरीत 187.36 के स्ट्राइक रेट से रन बटोर रहे हैं। बल्ले से इतने धमाकेदार फॉर्म में होने के बावजूद भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा उनकी ऑफ स्पिन गेंदबाजी को लेकर है। भारतीय बल्लेबाज इस टूर्नामेंट में ऑफ स्पिनर्स के सामने जूझते नजर आए हैं, जिसे देखते हुए मारक्रम फोकस में हैं।
यह भी पढ़ें: बारिश बनी विलेन... अब एक हार और T20 World Cup से बाहर हो जाएगा पाकिस्तान?
मारक्रम के साथ एनगिडी भी बन सकेत हैं मुसीबत
मारक्रम नेट्स में भी काफी बॉलिंग प्रैक्टिस करते दिखे हैं। भारतीय टीम के टॉप-8 में 6 बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जिनके सामने उनकी ऑफ स्पिन कारगर साबित हो सकती है। टीम इंडिया भी इस बात से अनजान नहीं है। वह भी बेहतर तैयारी के साथ आना चाहेगी लेकिन साथ ही उसे लुंगि एनगिडी पर भी नजरें रखनी होंगी, जो अपनी धीमी गेंदों से बल्लेबाजों के लिए काल साबित हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप में धीमा क्यों खेल रहे हैं तिलक वर्मा? सूर्या ने किया खुलासा
बल्लेबाजों को कहां फंसा रहे हैं एनगिडी?
भारत-साउथ अफ्रीका का मुकाबला काली मिट्टी की पिच पर होगा, जहां गेंद कम उछाल लेगी। लुंगि एनगिडी इसका फायदा उठाना चाहेंगे। वह साउथ अफ्रीका के लिए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 3 मैचों में 8 विकेट झटक लिए हैं। एनगिडी ने 42 फीसदी गेंदें धीमी गति से की हैं, जिस पर उन्हें 4 विकेट मिले हैं।
वह ज्यादातर लूपी फुल गेंदें डाल रहे हैं, जिसे बल्लेबाजों को समझने में मुश्किलें आ रही हैं। इस तरह की गेंदबाजी महंगी भी साबित हो सकती है लेकिन एनगिडी के लिए फिलहाल यह काम कर रही है। उन्होंने ऐसी 25 गेंदें फेंकी हैं, जिस पर 17 रन ही बने हैं और 3 बल्लेबाज आउट हुए हैं। वह अहमदाबाद में भी स्लोअर वन्स पर भारतीय बल्लेबाजों को फंसाना चाहेंगे।