चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी के फाइनल में उस समय माहौल गरमाया गया, जब तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी के बीच मजाकिया अंदाज में चल रही बातचीत तीखी नोकझोंक में बदल गई। ईस्ट जोन के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी जबरदस्त लय में बैटिंग कर रहे थे। उनका ध्यान भटकाने के लिए विपक्षी कप्तान तिलक वर्मा ने उन्हें स्लेज करना शुरू कर दिया।

 

तिलक लगातार वैभव को कुछ कह रहे थे। उन्होंने वैभव की उप-कप्तानी का मजाक भी उड़ाया। तिलक ने इस युवा खिलाड़ी से कहा, 'क्या यार, ये वाइस-कैप्टन।' इसके बाद यह स्लेजिंग तीखी बहस में तब्दील हो गई। वैभव और तिलक धक्का-मुक्की करते भी दिखे। बात बढ़ने पर अंपायर को बीच में आना पड़ा और उन्होंने तुरंत इन दोनों खिलाड़ियों को अलग किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: Duleep Trophy: नजरें थीं वैभव पर, विराट की जगह आए इस खिलाड़ी ने मजमा लूट लिया

तिलक की स्लेजिंग के बाद वैभव हुए आउट

वैभव और तिलक के बीच 11वें ओवर में गहमागहमी हुई थी। इसके कुछ ही देर बाद वैभव अपना विकेट गंवा बैठे। चामा मिलिंद की पटकी हुई गेंद को उन्होंने पुल करना चाहा लेकिन गेंद सही से बल्ले पर नहीं आई और डीप मिडविकेट की ओर हवा में टंग गई। सबस्टिट्यूट प्लेयर तनय त्यागराजन ने भागते हुए बेहतरीन कैच लपक वैभव की पारी खत्म की। वैभव 37 गेंद में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 44 रन बनाकर पवेलियन लौट। उन्होंने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ 100 रन की ओपनिंग साझेदारी की।

 

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सीरीज से पहले ईशान किशन ने खेली कप्तानी पारी, फाइनल में जड़ा शतक

 

वैभव के आउट होने के कुछ ही क्षण बाद ईश्वरन (72) और फिर सुदीप घरामी भी चलते बने। देखते ही देखते ईस्ट जोन का स्कोर 147/3 हो गया। साउथ जोन की टीम वापसी कर चुकी थी लेकिन शिखर मोहन (85), कप्तान ईशान किशन (नाबाद 111) और कुमार कुशाग्र (63) की पारियों ने फाइनल का पहला दिन ईस्ट जोन के नाम कर दिया। स्टंप्स तक ईस्ट जोन का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 385 है। ईशान और कुशाग्र पांचवें विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी कर मजबूती से क्रीज पर डटे हुए हैं।