पूर्व मुंबई अंडर-19 क्रिकेटर अनाया बांगर को ऑस्ट्रेलिया में कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की मंजूरी मिल गई है। अनाया ने इसी साल मार्च में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराई थी। भारत में क्रिकेट खेलने को लेकर जब उन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने जून में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से संपर्क किया। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनकी मेडिकल जानकारी की जांच करने के बाद उन्हें कम्युनिटी क्रिकेट खेलने के लिए फिट और योग्य माना है। अब इसके बाद सवाल उठ रहा है कि क्या अनाया बांगर को इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने का भी मौका मिल सकता है।

 

हालांकि, ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट खेलने की यह मंजूरी इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने पर लागू नहीं होगी। महिला बिग बैश लीग (WBBL) जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए भी अलग पात्रता नियम हैं। वहीं, इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में ICC की नीति के मुताबिक, उन खिलाड़ियों के लिए अलग नियम हैं, जिन्होंने पुरुष यौवन का अनुभव किया है।

 

यह भी पढ़ें: अनाया बांगर के क्रिकेट खेलने पर क्यों भड़कीं मारिजान कैप?

ट्रांसजेंडर के लिए क्या है ICC का नियम?

ICC ने नवंबर 2023 में महिला इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए जेंडर एलिजिबिलिटी पॉलिसी लागू की थी। इसके तहत ऐसे ट्रांसजेंडर खिलाड़ी, जिन्होंने पुरुष यौवन का अनुभव किया है इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में हिस्सा नहीं ले सकते। यह नियम सर्जरी या जेंडर री-असाइनमेंट ट्रीटमेंट कराने के बाद भी लागू रहता है। इसलिए मौजूदा ICC नियमों के तहत अनाया बांगर इंटरनेशनल महिला क्रिकेट नहीं खेल सकतीं। यानी ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट की मंजूरी मिलने के बावजूद इंटरनेशनल स्तर पर उनके लिए ICC की नीति लागू होगी।

घरेलू क्रिकेट में बोर्ड ले सकते हैं फैसला

घरेलू क्रिकेट में किसी खिलाड़ी को खेलने की अनुमति देना संबंधित क्रिकेट बोर्ड की अपनी नीतियों पर निर्भर करता है। इसी के तहत क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अनाया के मामले की अपनी ट्रांसजेंडर और जेंडर-डाइवर्स खिलाड़ियों से जुड़ी नीति के आधार पर समीक्षा की। मेडिकल जानकारी की जांच के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने फिलहाल अनाया को ऑस्ट्रेलिया के किसी भी राज्य या क्षेत्र की प्रीमियर क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलने की मंजूरी दे दी है।