उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 का समापन हो गया है। रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावेरिक्स ने रविवार (6 सितंबर) को खेले गए फाइनल मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कन्स को 94 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। मेरठ मावेरिक्स के युवा सलामी बल्लेबाज दिव्यांश जोशी ने आतिशी शतकीय पारी खेली।
दिव्यांश ने महज 40 गेंद में 105 रन जड़े, जिसमें 12 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी के बूते मेरठ मावेरिक्स ने 203 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके बाद विशाल चौधरी (4 विकेट) और जीशान अंसारी (2 विकेट) ने घातक गेंदबाजी करते हुए लखनऊ फाल्कन्स की पारी 109 पर ही समेट मेरठ मावेरिक्स को विशाल जीत दिलाई।
यह भी पढ़ें: Duleep Trophy: ईशान किशन ने जड़ा दोहरा शतक, दलीप ट्रॉफी में पहली बार किया ऐसा
IPL स्टारों का जलवा
यूपी टी20 लीग के इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में स्वास्तिक चिकारा दूसरे स्थान पर रहे। मेरठ मावेरिक्स के इस ओपनर ने 163.82 के स्ट्राइक रेट से 326 रन ठोके। 300 प्लस रन बनाने वाले बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट (163.82) सबसे ज्यादा रहा। चिकारा IPL में RCB का हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि पिछले साल ऑक्शन में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था। इस बार के प्रदर्शन की बदौलत वह एक बार फिर IPL कॉन्ट्रैक्ट हासिल कर सकते हैं।
ऑरेंज कैप जीतने वाले काशी रुद्रास के कप्तान करन शर्मा (361) पर भी IPL फ्रेंचाइजियों की निगाहें रहेंगी। उन्होंने टूर्नामेंट में एक शतक भी जड़ा। गेंदबाजी में जीशान अंसारी (25 विकेट) और अभिनंदन सिंह (24 विकेट) ने कहर बरपाया। इन दोनों के पास IPL कॉन्ट्रैक्ट है और ये अपने प्रदर्शन के बूते अपनी टीमों में रिटेन हो सकता हैं। यूपी टी20 लीग में कुछ गुमनाम चेहरों ने भी चमक बिखेरी है, जिनकी IPL में एंट्री हो सकती है।
यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तान क्रिकेट वेंटिलेटर पर...' शोएब अख्तर ने बता दी PCB की पूरी सच्चाई
यश गर्ग
मेरठ मावेरिक्स के युवा लेग स्पिनर यश गर्ग ने 11 पारियों में 13 विकेट झटके। उन्होंने जीशान अंसारी का दूसरे छोर से भरपूर साथ दिया निभाया और मेरठ मावेरिक्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। यश ने बल्ले से भी कमाल दिखाते हुए 8 पारियों में 4 बार नॉटआउट रहते हुए 119 रन बटोरे।
कार्तिक सिद्धु
नोएडा किंग्स के गेंदबाज कार्तिक सिद्धु ने 9 पारियों में 13 विकेट झटके। उनकी इकॉनमी महज 7.14 की ही रही, जो टी20 क्रिकेट में बेहद प्रभावशाली है। कार्तिक ने लोअर ऑर्डर में बल्ले से भी योगदान देते हुए 10 पारियों में 111.49 के स्ट्राइक रेट से 97 रन बनाए।
विजय यादव
काशी रुद्रास के गेंदबाज विजय यादव ने भी अपनी किफायती बॉलिंग से लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने 11 पारियों में 13 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी 7.80 की रही। विजय का बेस्ट प्रदर्शन 4/23 रहा। उन्होंने दोनों हाथ से बॉलिंग कर सुर्खियां बटोरी थीं।
