ICC विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 अगले महीने की 12 तारीख से खेला जाना है। इंग्लैंड एवं वेल्स में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट के लिए ICC ने 18 सदस्यीय मैच ऑफिशियल्स की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में सभी महिलाए हैं, जिसमें मैच रैफरी जीएस लक्ष्मी सहित 4 भारतीय मैच ऑफिशियल्स शामिल हैं। कैन्डेस ला बोर्ड, गायत्री वेणुगोपालन, केरिन क्लास्टे और शथीरा जाकिर जेसी पहली बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। अंपायरों की लिस्ट में दो अन्य भारतीय वृंदा राठी और जननी एन हैं।

 

ICC के CEO संजोग गुप्ता ने कहा, 'विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए मैच ऑफिशियल्स का यह पैनल खेल के सभी पहलुओं में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की ICC की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।' उन्होंने आगे कहा कि ICC अपने खेल अधिकारियों और उनके निर्णय-निर्धारण प्रदर्शन का आकलन एक व्यापक, समग्र और साक्ष्य-आधारित तरीके से करता है। इस वर्ल्ड कप में 33 मैच के दौरान 14 अंपायर और चार मैच रैफरी काम करेंगे, जिनमें 2024 एडिशन के 9 मेंबर भी शामिल हैं।

जीएस लक्ष्मी पिछले एडिशन में भी थीं मैच रेफरी

ऑस्ट्रेलिया की क्लेयर पोलोसाक सबसे अनुभवी हैं जो इस टूर्नामेंट में छठी बार हिस्सा लेंगी और पहले 22 मैच में अंपायरिंग कर चुकी हैं। जैकलीन विलियम्स और किम कॉटन ने अब तक 19-19 मैच में अंपायरिंग की है और दोनों इंग्लैंड और वेल्स में अपने पांचवें टी20 वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड बनाएंगी। तीन मैच रैफरी शांड्रे फ्रिट्ज, जी एस लक्ष्मी और मिशेल परेरा 2024 एडिशन का भी हिस्सा थीं। चौथे रैफरी के रूप में न्यूजीलैंड की ट्रुडी एंडरसन को शामिल किया गया है। भारतीय महिला टीम वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरूआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। 

मैच ऑफिशियल्स की लिस्ट इस प्रकार है:- 

अंपायर - लॉरेन एजेनबाग, किम कॉटन, अन्ना हैरिस, शथीरा जाकिर जेसी, केरिन क्लास्टे, कैन्डेस ला बोर्ड, जननी एन, निमाली परेरा, क्लेयर पोलोसाक, वृंदा राठी, सुजैन रेडफर्न, एलोइस शेरिडन, जैकलीन विलियम्स, गायत्री वेणुगोपालन

 

मैच रेफरी - ट्रुडी एंडरसन, शांड्रे फ्रिट्ज, जी एस लक्ष्मी, मिशेल परेरा