दादा लख्मीचंद स्टेट यूनिवर्सिटी (DLCSUPVA) में पिछले आठ दिनों से चल रही शानदार कला प्रदर्शनी ‘अभिव्यंजना’ का रविवार को समापन हो गया। कला और नए विचारों का संगम बनी इस प्रदर्शनी ने छात्रों, शिक्षकों और शहर के लोगों को अपनी ओर खींचे रखा। समापन के मौके पर यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा मुख्य रूप से मौजूद रहीं।

 

इस प्रदर्शनी की शुरुआत 3 मई को हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने की थी। छात्रों की मेहनत को देखते हुए इसे 8 मई के बजाय दो दिन और बढ़ा दिया गया था। रविवार को झंडा फहराने के साथ इसका औपचारिक समापन हुआ। रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन ने छात्रों की तारीफ करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि युवाओं की सोच और उनकी मेहनत का जीता-जागता उदाहरण है।

 

यह भी पढ़ें: जहां था PM मोदी का कार्यक्रम, उसी के पास मिली जिलेटिन की छड़ें

2000 से ज्यादा कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य ने बताया कि ऐसी प्रदर्शनियां छात्रों की सालभर की मेहनत को दुनिया के सामने लाने का एक बड़ा मंच होती हैं। इस बार प्रदर्शनी में एप्लाइड आर्ट, पेंटिंग, एनिमेशन और मूर्तिकला जैसे अलग-अलग विभागों के 300 से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में 2000 से ज्यादा कलाकृतियां दिखाई गईं, जिनमें सुंदर पेंटिंग, मिट्टी की मूर्तियां और डिजिटल आर्ट शामिल थीं। खास बात यह रही कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और पहलवान योगेश्वर दत्त जैसी बड़ी हस्तियों ने भी यहां पहुंचकर छात्रों का उत्साह बढ़ाया।

केवल प्रदर्शनी नहीं, संस्कृति का भी दिखा मेल

फैकल्टी कोऑर्डिनेटर विनय कुमार ने बताया कि अभिव्यंजना केवल फोटो या मूर्तियों तक सीमित नहीं रही। यहां हर शाम एक ओपन स्टेज सजाया जाता था, जहां छात्रों ने नाच-गाकर, एक्टिंग और कविता सुनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। कई स्कूलों के बच्चे भी यहां घूमने आए और उन्होंने यहां से काफी कुछ नया सीखा। यूनिवर्सिटी की योजना है कि भविष्य में इस तरह के आयोजनों को यूनिवर्सिटी कैंपस से बाहर भी बड़े स्तर पर किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें।

 

यह भी पढ़ें: शादी के तीन महीने बाद ही हत्या, आखिर पत्नी से क्या चाहता था पति?

लोगों के उत्साह ने बढ़ाया प्रदर्शनी का समय

शुरुआत में यह प्रोग्राम सिर्फ 8 मई तक था लेकिन लोगों की बढ़ती भीड़ और उनके शौक को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने इसे दो दिन और बढ़ा दिया। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण शाम 5 बजे तक यहां लोगों का तांता लगा रहा। रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने आयोजन से जुड़े सभी स्टाफ और छात्रों को बधाई दी और कहा कि आने वाले समय में इसे और भी भव्य और बड़ा बनाया जाएगा।