दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में CBI ने सोमवार को FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई FIR में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे, अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती, शोविच चक्रवर्ती, अभिनेता डिनो मोरिया और सूरज पंचोली समेत कई लोगों के नाम शामिल हैं। FIR में आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड का भी जिक्र है।

 

मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वाजे, पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह, DCP विशाल ठाकुर और पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के नाम भी दर्ज हैं। हालांकि, FIR में किसी व्यक्ति का नाम होना अपने आप में उसे आरोपी साबित नहीं करता। CBI अब इन सभी की भूमिका और मामले से जुड़े आरोपों की जांच करेगी।

 

यह भी पढ़ें: सपा सांसद डिंपल यादव पर बजाया गाना तो हुई मार, 40 पर दर्ज हो गया केस

साजिश और सबूतों से छेड़छाड़ की भी जांच

CBI की FIR में मुख्य अपराध के अलावा आपराधिक साजिश की भी जांच की बात कही गई है। एजेंसी यह भी जांच करेगी कि क्या दिशा सालियान की मौत को आत्महत्या बताने वाली कोई कहानी बनाई या प्रचारित की गई थी। इसके साथ ही सबूतों को दबाने, नष्ट करने या उनमें हेरफेर की जांच भी होगी। FIR में मालवणी पुलिस स्टेशन से जुड़े पुलिसकर्मियों, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों, कालिना स्थित फॉरेंसिक साइंस लैब के अधिकारियों और रीजेंट गैलेक्सी बिल्डिंग के सुरक्षा गार्डों के नाम भी शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें: सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्त के घर पर फायरिंग, गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी!

हाई कोर्ट ने मुंबई पुलिस की जांच पर उठाए थे सवाल

बॉम्बे हाई कोर्ट ने हाल ही में दिशा सालियान की मौत की CBI जांच का आदेश दिया था। कोर्ट ने मुंबई पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जांच कई सवालों के जवाब देने के बजाय और सवाल खड़े करती है। कोर्ट ने इस बात पर भी सवाल उठाया था कि करीब छह साल तक मामले में FIR क्यों दर्ज नहीं की गई।

 

दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मालाड इलाके में एक इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे उस समय एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) के रूप में दर्ज किया था। दिशा ने कुछ समय तक सुशांत सिंह राजपूत के मैनेजर के तौर पर काम किया था। उनकी मौत के छह दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू, 2451 सहायक शिक्षकों को मिली नौकरी

पिता ने लगाए थे कई लोगों पर आरोप

दिशा के पिता सतीश सालियान ने पहले आदित्य ठाकरे और डिनो मोरिया समेत कुछ लोगों पर आरोप लगाए थे। उन्होंने जांच एजेंसियों को आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली, डिनो मोरिया और बॉडीगार्ड समेत कई नाम बताए थे। अब CBI इन आरोपों और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी।