पंजाब के मानसा में एंटी ड्रग्स एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद से पूरे राज्य में प्रदर्शन हो रहे हैं और अलग-अलग राजनीतिक दलों के लोग मानसा पहुंच रहे हैं। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि वह मंगलवार 20 अक्टूबर को पंजाब के मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलेंगे। उनके इस पोस्ट के बाद परमिंदर सिंह झोटा को न्याय दिलवाने के लिए बनी कमेटी ने अमित शाह का विरोध करने का फैसला किया लेकिन अब झोटा का परिवार अमित शाह से मिलेगा। उनके पिता और पत्नी ने अमित शाह से मुलाकात करने पर सहमति जता दी है और लोगों से विरोध ना करने की अपील की है।
अमित शाह ने एक्स पर लिखा था, 'आप-दा सरकार ने पंजाब को नशे के गर्त में धकेलने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है, जिसके कारण अनेक परिवारों को अपने बच्चों को खोना पड़ा है। AAP सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे चिट्टा कारोबारियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले जिन लोगों को हाल ही में अपना जीवन गंवाना पड़ा, मंगलवार को उनके परिजनों से मानसा, संगरूर व गुरदासपुर में मिलूंगा। नशे के इस काले कारोबार के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी और प्रदेशवासी इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।'
यह भी पढ़ें: भाषण से पहले कट जा रही बिजली, भड़क गए पूर्व सीएम जयराम ठाकुर
कमेटी ने किया विरोध
अमित शाह के इस पोस्ट के बाद मानसा में हलचल तेज हो गई। परविंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए बनी कमेटी ने अमित शाह का विरोध करने का और उनसे सवाल करने का फैसला किया। कमेटी ने झोटा के परिवार से शाह की प्रस्तावित मुलाकात पर भी आपत्ति जताई है। एक्शन कमेटी की देर शाम हुई बैठक में फैसला लिया गया कि झोटा के पिता भीम सिंह फौजी से अपील की जाएगी कि वे केंद्रीय गृह मंत्री से दूरी बनाए रखें।
कमेटी ने मीडिया से बात करते हुए अमित शाह और केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए बॉर्डर पार से आने वाले नशे पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब 50 किलोमीटर की रेंज केंद्र सरकार यानी बीएसएफ के अधीन है तो पंजाब में नशे को एंट्री कैसे मिल रही है। इसके साथ ही हरियाणा, गुजरात, राजस्थान से आने वाले नशे पर भी सवाल उठाए। कमेटी ने कहा कि परिवार से इस मामले में बात की जाएगी लेकिन कमेटी की तरफ से फैसला लिया गया है कि उन्हें अमित शाह से नहीं मिलना चाहिए।
परिवार करेगा मुलाकात
परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने कमेटी के इस फैसले के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए गृह मंत्री अमित शाह के विरोध को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि बीते दिन एक्शन कमेटी के कुछ सदस्यों ने अमित शाह का विरोध करने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा कि अगर गृह मंत्री का विरोध किया जाता है तो वह समझना कि उनका विरोध हो रहा है। भीम सिंह ने कहा कि वह भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं और देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री या रक्षामंत्री, चाहे कोई भी हो, वह सभी का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह चाहें तो उनके घर आकर भी उनसे बातचीत कर सकते हैं।
बहू एक्शन कमेटी में शामिल होगी।
भीम सिंह ने कहा कि अब परविंदर सिंह की पत्नी खुद एक्शन कमेटी में शामिल होंगी और मीडिया को भी संबोधित करेंगी। इससे मामले को लेकर परिवार का पक्ष सीधे सामने आएगा। परविंदर सिंह झोटा की पत्नी मनप्रीत ने वीडियो में लोगों से क्लिप काटकर किसी के विरोध के बारे में अफवाहें ना फैलाने की अपील की।
कल पंजाब आएंगे अमित शाह
परिवार की इस घोषणा के बाद अब कल अपने पंजाब दौरे के दौरान अमित शाह झोटा के परिवार से मुलाकात करेंगे। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय शुक्रवार के पंजाब सरकार से झोटा की हत्या के साथ-साथ दो अन्य मामलों में रिपोर्ट तलब कर चुका है। अमित शाह पंजाब को दिसंबत 2029 तक नशा मुक्त करवाने का वादा कर रहे हैं। अब मंगलवार को वह परविंदर सिंह झोटा के परिवार के साथ-साथ अन्य पीड़िता परिवारों से भी मिलेंगे।
