बिहार के पूर्वी चंपारण में गुरुवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक मिनी बैंक (CSP) संचालक को गोली मारकर 4.28 लाख रुपये लूट लिए। स्थानीय लोगों ने घायल को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। गनीमत रही कि इस घटना में संचालक की जान बच गई, फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटना की जांच जारी है।

 

CSP संचालक मुकेश कुमार रोज की तरह अपने सेंटर पर बैठकर ग्राहकों को बैंकिंग सेवा दे रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे दो बाइक पर सवार 4 हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने पहले ग्राहकों को डराया और फिर काउंटर पर रखे कैश की मांग की। विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी।  

 

यह भी पढ़ें: जैसलमेर में ऊंट से जा टकराई कार, मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट घायल

हाथ में लगी गोली

मुकेश ने जब बदमाशों का विरोध किया और कैश देने से मना किया तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। गोली लगते ही वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश काउंटर में रखे करीब 4 लाख रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।  घटना के दौरान वहां मौजूद ग्राहक और दुकानदार अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागे। कुछ ही मिनटों में पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और घायल के परिजनों को दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल मोतिहारी ले जाया गया। 

अस्पताल में चल रहा इलाज

रहमानिया हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने मुकेश का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार गोली हाथ में लगी है और हड्डी को नुकसान पहुंचा है। सर्जरी के बाद अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उन्हें निगरानी में रखा गया है। घटना की खबर मिलते ही घायल के परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि मुकेश बैंक मित्र का काम करते हैं और रोजाना ग्राहकों का पैसा जमा और निकासी करते हैं। गुरुवार को भी वे बैंक से कैश निकालकर लाए थे। 

 

यह भी पढ़ें: जैसलमेर में ऊंट से जा टकराई कार, मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट घायल

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही चिरैया थाने की पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही बाजार में मौजूद दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार बदमाश बाइक से आए थे और लूट के बाद तुरंत फरार हो गए। उनके हुलिए और बाइक नंबर के आधार पर छापेमारी की जा रही है। 

एसपी स्वर्ण प्रभात ने भी घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने एसआईटी (SIT) गठित कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि लूटे गए पैसे और हथियार बरामद करने के लिए आसपास के जिलों में भी नाकाबंदी की गई है।