बिहार सरकार ने हाई-लेवल सुरक्षा की समीक्षा के बाद बड़ा फैसला लिया है। अब पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव की Z-प्लस सुरक्षा हटा दी गई है। हालांकि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की Y-प्लस सुरक्षा पहले की तरह जारी रहेगी। साथ ही, पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की Y श्रेणी सुरक्षा भी हटा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार यह कदम 2010 के सुरक्षा दिशा-निर्देशों के आधार पर लिया गया है।

 

आपको बता दें कि Z-प्लस सुरक्षा देश में किसी भी व्यक्ति को मिलने वाली सबसे ऊंचे स्तर की सुरक्षा होती है। इसमें 40 से ज्यादा चुने हुए सुरक्षाकर्मी, कमांडो, सादे कपड़ों में तैनात जवान, स्थायी गार्ड और गाड़ियों का बड़ा काफिला शामिल रहता है।

 

यह भी पढ़ें: 9 जून को सड़कों पर उतरेगी RJD, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ करेगी आंदोलन

राबड़ी देवी की बदली सुरक्षा व्यवस्था

सुरक्षा में हुई इस भारी कटौती के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के साथ कमांडो का बड़ा दस्ता नहीं चलेगा। नई व्यवस्था के तहत उनकी सुरक्षा में केवल 16 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें सादे कपड़ों में रहने वाली तीन महिला सुरक्षा अधिकारी और तीन वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड शामिल होंगे।

 

हालांकि, उनके काफिले में एक बुलेट-प्रूफ कार और एक पायलट गाड़ी की सुविधा दी जाएगी। जब भी वह राज्य में कहीं यात्रा करेंगी, तो उन्हें एक एस्कॉर्ट पार्टी और पायलट वाहन मिलेगा। बिल्कुल ऐसा ही सुरक्षा घेरा लालू प्रसाद यादव के लिए भी तय किया गया है।

 

लालू यादव की बड़ी बेटी और सांसद मीसा भारती को अब तीन बॉडीगार्ड मिलेंगे। यह व्यवस्था सांसदों के सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार की गई है। वहीं तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव को एक बॉडीगार्ड दिया जाएगा। राजश्री किसी राजनीतिक या संवैधानिक पद पर नहीं हैं लेकिन उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों और निजी सुरक्षा को देखते हुए उन्हें यह सुरक्षा दी गई है।