बिहार के कटिहार जिले में सरकारी कार्यालय के भीतर सीओ और अंचल कर्मी के बीच हाथापाई का मामला सामने आया है। मामला कटिहार सदर अंचल कार्यालय का है जहां अंचलाधिकारी सोनू भगत और अंचल कर्मी संजय वर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएम आशुतोष द्विवेदी ने जांच के आदेश दिए हैं।

 

सीसीटीवी फुटेज में अंचलाधिकारी और अंचल कर्मी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई की स्थिति बनती नजर आ रही है। कर्मी की ओर से सीओ पर कथित तौर पर प्रहार किए जाने का दृश्य भी सीसीटीवी में कैद हुआ है। फुटेज में पहले दोनों के बीच बहस होती दिख रही है इसके बाद दोनों कुर्सी से उठते हैं और एक-दूसरे पर हाथ उठाते नजर आते हैं। ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मी बीच-बचाव करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: सोन नदी के जल बंटवारे पर बिहार-झारखंड में सहमति, 25 साल पुराना विवाद सुलझा

फाइल को लेकर हुआ विवाद

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सरकारी कार्यालय के भीतर ऐसा क्या हुआ कि विवाद हाथापाई तक पहुंच गया? बताया जा रहा है कि सीओ हाल ही में छात्र आंदोलन के दौरान आंख में लगी गंभीर चोट के ऑपरेशन के बाद ड्यूटी पर लौटे थे। वह कुछ दिनों से छुट्टी पर थे।

 

सूत्रों के अनुसार, विवाद कार्यालय के कामकाज और फाइलों के निपटारे से जुड़ा है। चर्चा है कि जमीन से जुड़ी एक फाइल को लेकर सीओ और कर्मी के बीच कहासुनी हुई। कर्मी पर आरोप है कि वह सीओ की जानकारी के बिना कुछ फाइलों का निपटारा कर रहा था। वहीं कर्मी का कहना है कि सीओ छुट्टी पर थे इसलिए काम पेंडिंग हो रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में बहस शुरू हुई जो देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई।

 

पूरे मामले को लेकर कार्यालय के कामकाज और कथित लेन-देन से जुड़ी चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि इन चर्चाओं की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ लोग कह रहे हैं कि दाखिल-खारिज और परिमार्जन के पैसों को लेकर विवाद हुआ है। कटिहार सदर अंचल में दाखिल-खारिज के नाम पर पैसे लेने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। फिलहाल ये सभी बातें जांच का विषय हैं।

 

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सीओ अपने चेंबर में बैठे हैं। अंचल कर्मी संजय फाइल लेकर आते हैं। दोनों के बीच बहस होती है। बहस बढ़ने पर कर्मी गुस्से में सीओ की टेबल पर फाइल पटक देता है। सीओ कुर्सी से उठते हैं और कर्मी को कुछ कहते हैं। इसके बाद कर्मी सीओ की ओर बढ़ता है और धक्का-मुक्की शुरू हो जाती है। कर्मी की ओर से सीओ पर कथित तौर पर प्रहार किए जाने का दृश्य भी सीसीटीवी में कैद हुआ है।

 

इस दौरान ऑफिस में मौजूद अन्य राजस्व कर्मी, ऑपरेटर और फरियादी हक्के-बक्के रह जाते हैं। कुछ लोग बीच-बचाव के लिए दौड़ते हैं जिससे कार्यालय में अफरा-तफरी मच जाती है। बताया जा रहा है कि सीओ की आंख का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था। ऐसे में उन्हें चोट लगने का खतरा था। घटना के बाद अंचल कार्यालय का कामकाज प्रभावित हुआ। फरियादी बिना काम कराए लौट गए। सीओ ने मामले की मौखिक जानकारी एसडीएम और डीएम को दी है।

 

यह भी पढ़ें: बांका BDO अमित प्रताप सिंह 75 हजार घूस लेते गिरफ्तार, एक दिन पहले हुई थी पिटाई

डीएम ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जांच के आदेश दिए हैं। डीएम ने कहा कि सरकारी कार्यालय में इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष जांच टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज करेगी। टीम में एसडीएम, डीसीएलआर और एक अन्य वरीय अधिकारी को शामिल किया गया है।

 

जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि यदि कर्मी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ निलंबन और विभागीय कार्रवाई होगी। यदि सीओ की तरफ से कोई गड़बड़ी पाई गई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा जाएगा। फिलहाल दोनों पक्षों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने दोनों को शांत रहने और काम में सहयोग करने की हिदायत दी है।