बिहार के पटना जिले के बाढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब पीने के बाद चार युवकों की मौत हो गई। शुरुआत में मामला जहरीली शराब का लगा लेकिन पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह जहरीली शराब का मामला नहीं बल्कि प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश में की गई हत्या थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

 

घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढना गांव की है। बीते दिनों गांव के चार युवकों ने शराब पी थी जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। चारों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में जहरीली शराब से मौत की आशंका जताई गई थी लेकिन पुलिस की जांच में मामला हत्या का निकला।

 

यह भी पढ़ें: कटिहार में CO और अंचल कर्मी के बीच मारपीट, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

पार्टी के बहाने पिलाया जहर

ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि चारों युवकों की शराब पीने के बाद संदिग्ध हालत में तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में मुख्य आरोपी लाली कुमार ने बताया कि उसने चारों युवकों को शराब पीने के लिए बुलाया था। शराब पिलाने से पहले उसमें बाजार से खरीदा हुआ जहर मिला दिया था।

 

पुलिस के मुताबिक, लाली ने जहर गांव के ही सब्जी विक्रेता रुदल कुमार से मंगवाया था। रुदल सब्जी बेचने के साथ कीटनाशक भी बेचता है। उसी से लाली ने जहरीला पदार्थ लिया और उसे शराब में मिला दिया। चारों युवकों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि शराब में जहर मिला हुआ है।

 

शराब पीने के कुछ समय बाद चारों की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी, पेट दर्द और घबराहट जैसी परेशानी हुई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मामले की आधिकारिक पुष्टि के लिए विसरा और शराब के नमूने एफएसएल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद जहर के प्रकार का पता चलेगा।

बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज था

पुलिस जांच में हत्या की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग सामने आई है। मृतक नीशू कुमार का लाली कुमार की बहन के साथ पिछले करीब दो-ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लाली इस रिश्ते के खिलाफ था। उसने कई बार नीशू को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना।

 

पुलिस के अनुसार, नीशू और उसके साथी इस बात को लेकर लाली को चिढ़ाते भी थे। वह गांव और चौक-चौराहे पर उसे ताने मारते थे। इसी बात से लाली काफी नाराज था और खुद को अपमानित महसूस करता था। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चारों को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने बताया कि शुरुआती मुकदमे में गवाही देने की बात को लेकर हत्या की आशंका सामने आई थी। हालांकि पूछताछ के बाद आरोपी ने प्रेम प्रसंग और लगातार मिलने वाले तानों से परेशान होकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।

 

यह भी पढ़ें: सोन नदी के जल बंटवारे पर बिहार-झारखंड में सहमति, 25 साल पुराना विवाद सुलझा

48 घंटे में पकड़े गए आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ पुलिस ने एक विशेष जांच दल बनाया था। इसमें कई थानों के थानाध्यक्ष और डीआईयू की टीम शामिल थी। टीम ने गांव में रहकर जांच की और मृतकों के परिजनों से पूछताछ की। इसके अलावा कॉल डिटेल और शराब के स्रोत की भी जांच की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी लाली कुमार और जहर की व्यवस्था करने वाले रुदल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लाली का दोस्त है और घटना के समय वहां मौजूद था।

 

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस साजिश में और कोई शामिल था या नहीं। ग्रामीण एसपी ने बताया कि यह सोची-समझी हत्या थी। आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।

 

घटना के बाद बेढना गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह का विवाद न हो। एक साथ चार युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रेम प्रसंग को लेकर इस तरह की घटना होगी इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी।