तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के मुत्तुकाडू इलाके में रहने वाले फाइनेंस इन्फ्लुएंसर वी. हरीश की मौत की खबर आई थी। उनकी मौत के बाद परिवार ने यूट्यूबर जेसन सैमुअल पर साइबर बुलिंग का आरोप लगाया है। हरीश के पिता का कहना है कि मानसिक रूप से प्रताड़ित होने की वजह से उन्होंने आत्महत्या कर ली। इन आरोपों पर जवाब देते हुए जेसन ने कहा है कि उनके पास भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) का लाइसेंस नहीं था और वह लोगों को इसके बिना ही निवेश की सलाह दे रहे थे। 

 

हरीश इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर 'फाइनेंस विद हरीश' नाम से अकाउंट चलाते थे। 27 साल के हरीश के 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। पिता ने उनकी मौत के बाद के बाद के केस दर्ज कराया है। 

 

यह भी पढ़ें: पंजाब में आज से सरकारी कामकाज पर ब्रेक, 3 लाख कर्मचारी दो दिन की हड़ताल पर

कैसे शुरू हुआ विवाद?

मामले की शुरुआत तब हुई जब जेसन सैमुअल ने 18 अक्टूबर को एक वीडियो जारी कर हरीश पर गलत फाइनेंस सलाह देने का आरोप लगाया। जेसन का कहना था कि हरीश के पास SEBI का लाइसेंस (RIA) नहीं है। वह लोगों को बिना रजिस्ट्रेशन के निवेश की सलाह दे रहे हैं। इसके अलावा जेसन ने हरीश पर AMFI लाइसेंस से जुड़ी जानकारी गलत तरीके से पेश करने का भी दावा किया। इसके बाद ही मेटा ने हरीश का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिया था। बताया जा रहा है कि इस वजह से वह तनाव में थे। इसके बाद ही वह नया अकाउंट बनाकर वीडियो अपलोड करना शुरू किया था। 

 

हरीश ने लगाए गंभीर आरोप

मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में हरीश ने जेसन सैमुअल पर गंभीर आरोप लगाए। हरीश ने कहा कि उनकी 5 साल की मेहनत छीनी जा रही है। जेसन पुडुचेरी के राजनेताओं से अपनी पहचान का हवाला देकर उनसे रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहे थे। हरीश का आरोप था कि पैसे न देने पर जेसन ने उन्हें बदनाम करने और लगातार वीडियो बनाकर मानसिक रूप से परेशान करने की धमकी दी थी।

 

यह भी पढ़ें: आश्रम स्कूल से चुपके से निकलकर मेला देखने गए, हादसे में चली गई दो छात्रों की जान

जेसन ने दिया जवाब

दूसरी ओर, जेसन सैमुअल ने साइबर बुलिंग के आरोपों को खारिज किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए जेसन ने हरीश की मौत पर दुख जताया। इसके साथ ही अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने सिर्फ नियमों के उल्लंघन और बिना SEBI लाइसेंस के काम करने का मुद्दा उठाया था। जेसन ने लिखा कि उनका मकसद सिर्फ सच्चाई सामने लाना था। उन्होंने हरीश से सही लाइसेंस लेकर काम पर वापस लौटने को कहा था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।