उत्तर प्रदेश के जिला गाजीपुर में सोमवार सुबह गैस सिलेंडर से गैस लीक होने के बाद घर में लगी आग ने दो स्कूली छात्रों की जान ले ली। आग की चपेट में आई मोटरसाइकिल के पेट्रोल टैंक में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर कक्षा छह और आठ में पढ़ने वाले दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

 

गाजीपुर के जमानिया क्षेत्र के देवड़ी गांव में सोमवार सुबह यह दर्दनाक हादसा हुआ। गांव निवासी विशाल शर्मा की मां मीना देवी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान एलपीजी सिलेंडर से गैस लीक होने लगी और अचानक आग लग गई। आग देखकर मीना देवी और सुंदरम की बहन रेखा घर से बाहर निकल आए।

उस समय सुंदरम यादव और विशाल शर्मा घर के आंगन में मौजूद थे। बताया गया कि सुंदरम अपनी बहन रेखा के साथ विशाल के घर दूध देने गया था। आग देखकर दोनों घबरा गए और बचने के लिए बगल के कमरे में चले गए।

 

यह भी पढ़ें: राम मंदिर में दिया 4 करोड़ का चेक, खाते में थे सिर्फ 3 रुपये

बाइक के पेट्रोल टैंक में हुआ जोरदार धमाका

जिस कमरे में दोनों छात्र पहुंचे थे, वहां मोटरसाइकिल खड़ी थी। आग धीरे-धीरे उस कमरे तक पहुंच गई। इसके बाद मोटरसाइकिल के पेट्रोल टैंक में तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान 12 वर्षीय सुंदरम यादव और 14 वर्षीय विशाल शर्मा के रूप में हुई है। दोनों देवड़ी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छह और आठ के छात्र थे।

 

यह भी पढ़ें: 2027 के लिए क्या एजेंडा तय कर गईं मायावती? बैठक में बन गई रणनीति

धमाके की आवाज सुनकर जुटे ग्रामीण

मोटरसाइकिल के टैंक में धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह और तहसीलदार रामनारायण वर्मा समेत अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों छात्रों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद आग लगने और आग की चपेट में मोटरसाइकिल आने की बात सामने आई है।