कर्नाटक के बेंगलुरु के एक प्राइवेट स्कूल में चौथी क्लास के बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बच्चे की मां की शिकायत के मुताबिक, स्कूल की टीचर एंजेलिन ने बच्चे को सिर्फ इसलिए पीटा क्योंकि उसने अपना होमवर्क नहीं किया था। मां का कहना है कि टीचर ने बच्चे को डराने के साथ-साथ धमकाया भी था कि वह घर पर इस बारे में कुछ भी नहीं बताए। अगर उसने ऐसा किया है तो उसे और भी बुरा अंजाम भुगतना होगा।
बच्चे की मां ने बताया कि उनका बच्चा धमकी से डरा हुआ है और उसकी मानसिक स्थिति अभी भी सही नहीं है। डर के कारण उसने अपने मां-बाप को कुछ भी नहीं बताया।
यह भी पढ़ें: मजाक-मजाक में पत्नी को 'बंदरिया' बोल दिया, एक घंटे बाद ही लगा ही फांसी
पूरी घटना
यह पूरी घटना 10 जनवरी की है। टीचर की धमकी से डरा हुआ बच्चा कई दिनों तक चुप रहा। उसने अपने माता-पिता को कुछ नहीं बताया। जब उसकी मां लक्ष्मी ने बच्चे के शरीर पर चोट के निशान देखे तो उन्हें शक हुआ। सख्ती से पूछने पर बच्चे ने रोते हुए स्कूल में जो कुछ भी हुआ अपनी मां को बताया। यह सब जानने के बाद मां ने तुरंत पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज करवाया।
पुलिस की कार्रवाई
मां की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नंदिनी लेआउट पुलिस स्टेशन में आरोपी टीचर और स्कूल प्रशासन (वीणा एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने यह एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 351 और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट (JJ Act) की धाराओं के तहत दर्ज की है।
यह भी पढ़ें: काजल की मां का आरोप, 'दहेज के लिए बेटी ने लिया था 10 लाख का लोन'
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल मैनेजमेंट ने आरोपी टीचर एंजेलिन को सस्पेंड कर दिया है। हालांकि, पीड़ित की मां लक्ष्मी का यह भी आरोप है कि जब वह इस घटना की शिकायत करने स्कूल पहुंचीं, तो वहां के स्टाफ ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें भला-बुरा कहा। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या स्कूल में अन्य बच्चों के साथ भी ऐसा व्यवहार होता था।
