उत्तर प्रदेश के जिला सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। हलियापुर थाना क्षेत्र में सेना के सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सूबेदार के बेटे गौरव सिंह, राजन चौधरी, राम समुझ सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल शामिल हैं।

 

हादसा रविवार सुबह करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 79.6 के पास हुआ। पुलिस और यूपीडा के मुताबिक, चंडीगढ़ से सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लेकर एंबुलेंस उनके पैतृक गांव देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र जा रही थी। हलियापुर के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।

एंबुलेंस में सवार चारों की मौत

हादसे के समय एंबुलेंस में सूबेदार सत्यवान सिंह के बेटे गौरव सिंह, उनके भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और चालक जसपाल सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।सभी को उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

यह भी पढ़ें: आगरा हाईवे पर डंपर-कंटेनर की भिड़ंत, आग में जिंदा जले 2 लोग

पिता का शव लेकर घर जा रहा था बेटा

सूबेदार सत्यवान सिंह देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र के गैला दुधिला गांव के रहने वाले बताए गए हैं। उनकी मौत के बाद उनका पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से पैतृक गांव ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि पिता का पार्थिव शरीर लेकर घर लौट रहे बेटे गौरव सिंह की भी हादसे में मौत हो गई।पुलिस के मुताबिक, सत्यवान सिंह सूबेदार पद पर तैनात थे और उनकी मौत के बाद परिवार के लोग उनका पार्थिव शरीर लेकर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद सूबेदार का पार्थिव शरीर हलियापुर थाने में ससम्मान रखवाया गया।

ट्रक में घुस गई एंबुलेंस, मची चीख-पुकार

प्रत्यक्ष रूप से हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। वाहन में सवार लोगों को निकालने में राहतकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी की स्थिति रही। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम समेत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वजह की भी जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: KGMU नर्सिंग अफसर और दोस्त की हत्या, घाघरा में फेंकी लाश, 5 गिरफ्तार

सीएम योगी ने जताया शोक

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेजी से पूरा कराने तथा मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।एक ओर परिवार सूबेदार सत्यवान सिंह की मौत का दुख झेल रहा था, वहीं उनका पार्थिव शरीर घर पहुंचने से पहले ही हुए हादसे ने परिवार को चार और अपनों की मौत का गहरा सदमा दे दिया। घटना के बाद पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।