उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस केस के मुख्य शूटर कमलेश चौधरी बिंद को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मुठभेड़ में मार गिराया। इस एनकाउंटर के दौरान SOG इंचार्ज रोहित मिश्रा को भी गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए। यह मुठभेड़ बुधवार देर शाम सदर कोतवाली क्षेत्र के कूर्था इलाके में हुई, जहां STF की टीम पिछले दो दिनों से डेरा डाले हुए थी।
यह मामला गाजीपुर में 29 मई की रात हुई सनसनीखेज हत्या से जुड़ा है, जिसमें होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि यह पूरी वारदात रंगदारी न देने की वजह से की गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने कुख्यात 'कटरा गैंग' पर इनाम घोषित किया था।
यह भी पढ़ें: 21 मौतें, 10 पुलिसकर्मी घायल... दिल्ली अग्निकांड में मरने वाले कहां-कहां के थे?
रंगदारी न देने पर हत्या
जांच में सामने आया कि कटरा गैंग ने होटल मालिक से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पैसे न देने पर गैंग ने सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार इस मामले की साजिश एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए रची गई थी। मुख्य आरोपी शंकर पांडे अभी भी फरार है, जबकि एनकाउंटर में मारा गया कमलेश चौधरी बिंद इस वारदात में अहम भूमिका निभा रहा था।
वारदात की रात चार नकाबपोश बदमाश दो बाइक पर आए और पहले होटल के गार्ड से बीयर मांगने लगे। इसके बाद पैसों को लेकर बहस हुई और इसी दौरान विनीत बाहर निकल आए। जैसे ही वह अपनी कार की ओर बढ़े, बदमाशों ने उन्हें घेरकर फायरिंग शुरू कर दी। चार गोलियां लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: 72 एकड़ का रिसॉर्ट, 67 करोड़ संपत्ति जब्त; पूर्व PWD चीफ इंजीनियर पर ED शिकंजा
परिवार का आरोप: शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
मृतक के पिता आलोक राय ने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले ही इस गैंग की शिकायत कई बार पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों से की थी लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि पूरे गैंग को खत्म किया जाए। वहीं, परिवार और पत्नी ने भी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है। फिलहाल पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।
