उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में किराए पर मकान लेकर ड्रग्स बनाया जा रहा था। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने 'ऑपरेशन क्रिस्टल हंट' के तहत 2 अवैध सिंथेटिक ड्रग्स के 2 लैब का भंडाफोड़ किया है। ये दोनों लैब गौतम बुद्ध नगर जिले के जहांनाबाद कादलपुर गांव में चल रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 को हुई इस कार्रवाई में 379.740 किलो एम्फेटामाइन युक्त सामग्री और 10 किलो स्यूडोएफेड्रिन बरामद किया गया है। 

 

बताया जा रहा है कि जितना नशीला पदार्थ मिला है इससे लगभग 56 किलो तैयार क्रिस्टलीय एम्फेटामाइन बनाई जा सकती थी। इसकी अवैध बाजार में कीमत करीब 45 करोड़ रुपये आंकी गई है। छापेमारी के दौरान कई तरह के केमिकल भी मिले हैं और लैब उपकरण बरामद किए गए हैं। 

 

यह भी पढ़ें: कानपुर में अंजलि अरोड़ा के साथ क्या हुआ? आयोजक पहुंच गए थाने 

1 विदेशी नागरिक और मिजोरम की महिला गिरफ्तार 

इस मामले में NCB ने डेस्टिनी अब्राहम डंबिरी और ललमजुआली उर्फ ओलिविया लालछाविमावी को गिरफ्तार किया है। डंबिरी ने खुद को नाइजीरिया का नागरिक बताया था। हालांकि, इमिग्रेशन रिकॉर्ड और जांच में पता चला कि वह जनवरी 2020 में फ्रांसिस कलोकोह नाम से सिएरा लियोन के नागरिक के तौर पर भारत आया था। 

 

इसके अलावा ओलिविया मिजोरम की रहने वाली है, उसे मार्च 2026 में गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट पर हेरोइन युक्त पाउडर मिलने के मामले में DRI ने गिरफ्तार किया था। उसके सामान से 313 ग्राम हेरोइन युक्त पाउडर मिला था और फिलहाल वह उस मामले में जमानत पर है।

 

NCB के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा में अक्टूबर 2024 में भी एक सीक्रेट लैब पकड़ी गई थी, जो कसना औद्योगिक क्षेत्र में चल रही थी। वहां से ठोस और तरल रूप में करीब 95.5 किलो सिंथेटिक ड्रग्स बरामद हुई थी। उस मामले की जांच के दौरान मैक्सिको के ड्रग्स कार्टेल 'कार्टेल डे जलिस्को न्यू जनरेशन' (CJNG) से कनेक्शन सामने आए थे। उस दौरान कार्रवाई में मैक्सिको के एक नागरिक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। 

गृहमंत्री ने क्या कहा?  

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दो खुफिया ड्रग लैब का भंडाफोड़ कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस ऑपरेशन में भारी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग्स, ड्रग प्रीकर्सर और इक्विपमेंट जब्त किए गए और एक विदेशी नागरिक समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह इंटेलिजेंस के दम पर कार्रवाई का एक शानदार उदाहरण है।

अमित शाह ने कहा कि PM मोदी के नशामुक्त भारत मिशन के तहत अपनाए गए नारकोटिक्स कंट्रोल 2026 से 2029 पर विजन डॉक्यूमेंट के मुताबिक, दिसंबर 2029 से पहले ड्रग कार्टेल को खत्म करने के हमारे पक्के इरादे का सबूत है। इस बड़ी कामयाबी के लिए NCB को बधाई।