हिमाचल प्रदेश में रविवार को भारी बारिश हुई। बारिश की वजह से कई जिलों में जन-जीवन अस्त-व्यस्त है, जिसकी वजह से 109 सड़कों को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, स्थानीय मौसम विभाग ने 17 और 18 अगस्त को राज्य के चार जिलों में कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। इसी के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए तथा मंगलवार को ऊना, चंबा और कांगड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कांगड़ा जिले के पालमपुर के पास ठाकुरद्वारा में रविवार सुबह पेड़ गिरने से दो परिवार बाल-बाल बचे।
यह भी पढ़ें: 19 अगस्त को पेपरलीक के खिलाफ RJD का मार्च, तेजस्वी यादव ने किया ऐलान
दुकानों और खड़े वाहनों को नुकसान
पेड़ गिरने से इमारत, आसपास की दुकानों और खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा। इसके कारण पालमपुर-हमीरपुर नेशनल हाइवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक बाधित रहा।
कांगड़ा और धर्मशाला में भारी बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम से कांगड़ा जिले के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में धर्मशाला में सबसे अधिक 126.3 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बाद पालमपुर में 55 मिलीमीटर और कांगड़ा में 34.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: अफजाल अंसारी की 12 करोड़ की कुर्क संपत्ति मुक्त, हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
इन जिलों की दर्जनों सड़के बंद
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, मंडी में 43, कुल्लू में 33, सिरमौर में आठ, शिमला में सात, चंबा और कांगड़ा में छह-छह, ऊना में चार और लाहौल-स्पीति में दो सड़कें बंद हैं। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण 216 पेयजल आपूर्ति योजनाएं और सात बिजली ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हुए हैं।
हिमाचल में अबतक 79 लोगों की मौत
राज्य में 30 जून को मॉनसून आने के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं में 79 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 14 लोगों की मौत भूस्खलन और एक की मौत अचानक आई बाढ़ के कारण हुई। अधिकारियों के अनुसार, राज्य को अब तक बारिश से करीब 973 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
