कर्नाटक में अब एक अलग तरह का पोस्टर युद्ध छिड़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच डी कुमारस्वामी के पोस्टर लगाए गए हैं जिनमें उनके रिश्ते भूमाफिया से बताए गए हैं। इसी पोस्टर को लेकर कर्नाटक में बयानबाजी शुरू हो गई है। केंद्र सरकार में मंत्री कुमारस्वामी ने इस मामले पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर निशाना साधा है। कुमारस्वामी का कहना है उन्हें लगा था कि मुख्यमंत्री बनने के बाद शिवकुमार ब्लू फिल्म और पोस्टर बनाना बंद कर देंगे लेकिन ऐसा लगता है कि उनकी आदत नहीं छूटी है।
ये बेनामी पोस्टर मैसूर-बेंगलुरु हाइवे पर लगाए गए थे। इनके जरिए कुमारस्वामी के अलावा बीजेपी के नेता बी वाई विजयेंद्र, आर अशोक और सी नारायणस्वामी पर आरोप लगाए गए कि ये सभी भूमाफिया के साथ मिले हुए हैं। ये सब तब हो रहा है जब बीजेपी के नेता बीदड़ी में बीजेपी नेता दौरा करने वाले हैं। कहा जा रहा है कि ये पोस्टर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लगाए हैं। इन पोस्टरों के जरिए आरोप लगाए जा रहे हैं कि इस इलाके में बीजेपी और जेडीएस नेताओं की बेनामी जमीनें हैं।
यह भी पढ़ें: 'कागज दिखाओ...', कर्नाटक सरकार RSS के वजूद पर सवाल क्यों खड़े कर रही है?
क्या बोले एचडी कुमारस्वामी?
कुमारस्वामी ने इस इस मामले पर सवाल पूछे जाने पर कहा, 'भाई, मुझे गलत मत समझना। मुझे लगा था कि मुख्यमंत्री बनने के बाद वह ब्लू फिल्म और पोस्टर बनाना बंद कर देंगे लेकिन उनकी आदत गई नहीं है। क्या इस तरह से पोस्टर लगाकर वह प्रचार कर रहे हैं? गड़गनहल्ली में जिस आदमी ने मरे हुए लोगों के नाम पर जमीन ले ली, वही पोस्टर लगाकर कुछ और दिखाना चाह रहा है।'
उन्होंने आगे कहा, 'क्या लोग इस पर भरोसा करेंगे? क्या मुख्यमंत्री बनने के बाद कम से कम उन्होंने थोड़ा स्टैंडर्ड नहीं रखना चाहिए? यह सब करके वह दिखा रहे हैं कि राज्य किस तरफ जाने वाला है। यह बहुत खराब मानसिकता है कि वह ये सब कर रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: 'पहले 15 करोड़ लिए फिर जहाज में चढ़े', शिवेसना (UBT) में टूट पर बोले संजय राउत
कुमारस्वामी की पत्नी अनीता ने इस मामले पर कहा है, 'ये लोग पोस्टर लगाकर कह रहे हैं कि 100 एकड़ की जमीन मेरी और निखिल की है। 40 साल पहले मुझे 46 एकड़ जमीन मिली थी। उसके अलावा मैंने कब बताया कि मेरे पास 100 एकड़ जमीन है? क्या ऐसा कहीं होता है कि आप पोस्टर लगाकर जमीन के बारे में पूछने लगो?'
विजयेंद्र ने भी दिया जवाब?
इसी मामले पर कर्नाटक बीजेपी के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कहा है, 'बेंगलुरु ग्रामीण के बीदड़ी इलाके में हम उन किसानों के पास जा रहे हैं जो परेशान हैं। टाउनशिप के लिए किसानों की जमीन जबरन ली जा रही है और वे इसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य सरकार और मुख्यमंत्री को इसके बारे में पता है कि 90 प्रतिशत से ज्यादा किसान इस प्रोजेक्ट के खिलाफ हैं। मुख्यमंत्री डरे हुए हैं कि बीजेपी किसानों के साथ खड़ी है। हम कांग्रेस के विधायक नहीं हैं जो डीके शिवकुमार के पोस्टरों से डर जाएंगे।'
बता दें कि बीदड़ी में बन रही टाउनशिप को लेकर अब बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं और यह मुद्दा हर दिन गंभीर होता जा रहा है।


