कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक महिला के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि फ्लिपकार्ट का एक डिलीवरी एजेंट पार्सल देने के बहाने महिला के फ्लैट तक पहुंचा और वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। महिला ने कई बार मना किया लेकिन आरोपी उसकी इच्छा के खिलाफ फ्लैट में घुस गया। बाद में उसने महिला के सामने अश्लील हरकत की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड DSP ने बताया, "माराठाहल्ली पुलिस स्टेशन में निलोफर फातिमा की शिकायत पर फ्लिपकार्ट के डिलीवरी एजेंट विजय मल्लिकार्जुन कामत के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है।" उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, टारगेट किलिंग की थी तैयारी

DSP के मुताबिक, शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, 79 और 329(2) के तहत केस नंबर 345/2026 दर्ज किया है।

बार-बार मना करने के बावजूद फ्लैट में घुसने का आरोप

महिला के अनुसार, डिलीवरी एजेंट पार्सल देने के दौरान बार-बार वॉशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांग रहा था। उसने साफ शब्दों में कहा कि वह किसी अजनबी को घर के अंदर आने की इजाजत नहीं देती। महिला ने यह भी सुझाव दिया कि यदि स्थिति बेहद जरूरी है तो वह पड़ोस में रहने वाले पुरुष पड़ोसियों से मदद ले सकता है। इसके बावजूद आरोपी ने अपने जूते-चप्पल उतारे और बिना अनुमति फ्लैट के अंदर प्रवेश कर गया। महिला का आरोप है कि वॉशरूम से बाहर आने के बाद उसने उसके सामने अपने निजी अंग दिखाए, जिससे वह घबरा गई।

 

यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर केस में मां-पिता ने न्यायिक आयोग के सामने दर्ज कराई गवाही

महिला बोली- 'मेरी 'ना' का सम्मान नहीं किया गया'

घटना के बाद महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती शेयर की। उसने लिखा कि उसने कई बार स्पष्ट रूप से 'नहीं' कहा लेकिन उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया। महिला ने कहा कि किसी भी महिला के 'ना' कहने के बाद बातचीत वहीं खत्म हो जानी चाहिए। उसने आरोप लगाया कि उसकी निजी सीमा का उल्लंघन किया गया और वह अपने ही घर में असुरक्षित महसूस करने लगी। महिला ने बताया कि अपनी सुरक्षा और सबूत के लिए उसने घटना का कुछ हिस्सा मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।