राजधानी दिल्ली में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े ने दर्दनाक मोड़ तब लिया, जब पत्नी के परिवार वालों ने दामाद को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और अपनी ही बेटी को विधवा बना दिया। मृत शख्स के परिवार ने अपनी बहू के परिवार वालों के खिलाफ पुलिस में हत्या का मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ जांच-पड़ताल कर रही है। साथ ही, चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह मामला दिल्ली के लक्ष्मी पार्क इलाके में शुक्रवार की सुबह का है। जब विनय गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा के बीच अपने बच्चे को दवाई खिलाने को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद रेखा ने अपने परिवार वालों को बहस के बारे में बता दिया। उसी के तुरंत बाद पूरा परिवार विनय के घर आ गया, जहां उन्होंने विनय को बेरहमी से पीटा। जानकारी के लिए बता दें कि विनय सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे।
यह भी पढ़ें: UP में चुनाव से पहले नेताओं को बुलेट प्रूफ जैकेट क्यों बांट रही सरकार?
क्या है पूरा मामला?
पुलिस की जांच-पड़ताल के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह मृतक विनय की अपनी पत्नी के साथ बहस हुई, जिसके बाद रेखा घर से बाहर चली गई और परिवार को झगड़े के बारे में बताया। जब रेखा के परिवार को इस झगड़े के बारे में पता चला तो वे तुरंत विनय के घर पहुंच गए।
मृतक विनय कुमार की मां के मुताबिक, रेखा के परिवार वाले जब उनके घर पहुंचे तो वह चाय-नाश्ता लाने के लिए किचन में गई थीं। तभी कथित तौर पर रेखा के परिवार वालों ने विनय को बुरी तरह पीटा। विनय की मां के अनुसार, रेखा के परिवार के छह लोग आए थे।
यह भी पढ़ें: अस्थियां बहाने गई तो हंस रही थी, लौटी तो रोने लगी, पत्नी ने पति को ही मार डाला!
मृतक विनय की मां ने दावा किया कि उन्होंने अपने बेटे को बचाने के लिए कई बार गुहार लगाई थी, लेकिन आरोपियों ने उनकी बात नहीं सुनी। इस मारपीट के बाद विनय के परिवार वालों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
मृतक विनय गुप्ता के पिता ने बताया कि बेटे-बहू के बीच आए दिन बहस होती थी। दोनों अक्सर छोटी-छोटी बातों पर एक-दूसरे से बहस करते थे। विनय के परिवार को लगा था कि यह पति-पत्नी के बीच का आपसी विवाद है, जिसे दोनों खुद सुलझा लेंगे। पुलिस अधिकारी इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। विनय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
