तेलंगाना के निजामाबाद में गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान चिट्टारी हरि बाबू के रूप में हुई है। वह छह महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मरने वाली यूट्यूबर सी. वैष्णवी की हत्या के मामले में आरोपी थी और जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसकी हत्या के कुछ घंटों बाद वैष्णवी के भाई जी. संतोष का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने हरि बाबू की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया और इसे अपनी बहन की मौत का बदला बताया। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार शाम निजामाबाद के शिवाजीनगर इलाके में हरि बाबू एक पानीपुरी की दुकान के पास पानी पीने के लिए रुका था। इसी दौरान एक सफेद कार वहां आकर रुकी। CCTV फुटेज में कथित तौर पर एक व्यक्ति कार से उतरकर हरि बाबू की ओर जाता दिखाई देता है। इसके बाद उस व्यक्ति ने धारदार हथियार से हरि बाबू पर हमला किया।
यह भी पढ़ें: 'नीरज को हराने में पूरा दिमाग लगाऊंगा', JDU के उम्मीदवार के खिलाफ उतरे अनंत सिंह
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, उसके सिर और गर्दन पर कई वार किए गए। हमले के बाद हरि बाबू सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई और हमलावर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटना की जांच के लिए विशेष टीमें बनाई हैं और CCTV फुटेज के आधार पर हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। कुछ रिपोर्ट्स में कार में तीन से चार लोग होने की बात भी सामने आई है लेकिन अभी तक पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
हत्या के बाद सामने आया सेल्फी वीडियो
हरि बाबू की हत्या के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक सेल्फी वीडियो सामने आया है। इसमें एक युवक ने खुद को वैष्णवी का भाई संतोष बताते हुए हरि बाबू की हत्या करने का दावा कर रहा है। वीडियो में उसने कहा कि उसने अपनी बहन की मौत का बदला लेने के लिए हरि बाबू की हत्या की। उसने यह भी कहा कि वह कई महीनों से न्याय का इंतजार कर रहा था लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। उसने वीडियो में बताया कि अब वह पुलिस के सामने सरेंडकर करने जा रहा है।
वीडियो में संतोष ने दावा किया कि वह किसी दूसरे काम से निजामाबाद आया था और वहां हरि बाबू को देखने के बाद उसने हमला कर दिया। उसने अपने परिवार और अपनी बहन की मौत का भी जिक्र किया तथा लोगों से अपने खिलाफ दर्ज होने वाले मामलों में मदद की अपील की।
यह भी पढ़ें: बिहार में जमीन रिकॉर्ड को लेकर सख्ती, गड़बड़ी पर खुद कार्रवाई करेंगे CO
क्या है पूरा मामला?
इस पूरी कहानी की शुरुआत 17 मार्च 2026 को हुई थी जब 20 साल की वैष्णवी को जगतियाल जिले में उसके मायके में मृत पाया गया था। पुलिस ने बताया था कि वैष्णवी और हरि बाबू की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और दोनों पड़ोसी भी थे। दावा किया गया था कि वैष्णवी का पति उसके परिवार से और दहेज की मांग कर रहा था और इसके चलते वह अपने मायके लौट आई थी। पुलिस के अनुसार, हरि बाबू उसे वापस लेने उसके मायके गया था और वहां एक रात रुका था।
अपनी मौत से कुछ घंटे पहले वैष्णवी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बताया था कि वह प्रेगनेंट है। उसने बताया था कि उसने प्रेगनेंसी टेस्ट करवा लिया है और वीडियो में कहा था कि वह अब कुछ समय तक रील्स नहीं बना पाएगी। इसके कुछ ही घंटे बाद उसकी मां को वह घर में घायल हालत में मिली। उसके सीने और गर्दन पर चाकू के घाव थे और पुलिस को गला दबाए जाने के संकेत भी मिले थे। वैष्णवी की मौत के बाद हरि बाबू को मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया था। वह कुछ समय जेल में रहा और जुलाई में उसे जमानत मिल गई।
