उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर नगर विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा ने एक ऐसा बयान दिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक रत्नाकर मिश्रा ने कहा कि देशद्रोही उन्हें वोट न दें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर देशद्रोही और रामद्रोही उन्हें वोट देते हैं, तो ईवीएम अशुद्ध हो जाएगी। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
उत्तर प्रदेश में जल्द ही विधानसभा चुनाव होंगे। उससे पहले मिर्जापुर के विधायक रत्नाकर मिश्रा ने वोटर्स को लेकर शर्त रख दी है कि उन्हें केवल राम भक्त और अब्दुल कलाम जैसे देशभक्तों के वोट चाहिए। इसके बजाय देशद्रोही उन्हें वोट न दें। इस बयान का प्रभाव आगामी चुनाव में देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: रविवार को सुबह 3:30 से चलेगी दिल्ली मेट्रो, किसे मिलेगा फ्री टिकट?
क्या बोले रत्नाकर?
वायरल वीडियो में रत्नाकर ने कहा, 'मुझे हिंदू होने पर गर्व है। आप सभी लोग जानते हैं कि जो मैं बोलता हूं, वही करता हूं। मैंने कल कहा था, आज भी कहता हूं कि देशद्रोही और रामद्रोही अगर मेरे नाम से वोट डाल देंगे, तो मेरी ईवीएम को पूरी तरह अशुद्ध करने का काम करेंगे। मुझे देशद्रोहियों का वोट किसी भी तरह से नहीं चाहिए। मुझे भारत माता की जय बोलने वाले, जय श्रीराम बोलने वाले, माता विंध्यवासिनी की जय बोलने वाले और वंदे मातरम कहने वाले लोगों के वोट चाहिए। इनके अलावा मुझे किसी भी व्यक्ति का वोट नहीं चाहिए।'
इसके बाद रत्नाकर मिश्रा ने कहा कि उन्हें अब्दुल कलाम जैसे देशभक्त चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भारत माता को नहीं मानता और राम को नहीं मानता, उसका वोट उन्हें किसी भी कीमत पर नहीं चाहिए। जब पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि क्या रत्नाकर को अल्पसंख्यकों के वोट नहीं चाहिए, तब उन्होंने कहा कि अगर कोई अल्पसंख्यक व्यक्ति राम भक्त है, तो उन्हें उस व्यक्ति का वोट चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'मेरा नाम नेताओं और अफसरों से ना जोड़ें', फरार चल रही श्रद्धा दुबे ने की अपील
क्यों नहीं चाहिए कुछ लोगों का वोट?
रत्नाकर ने वीडियो के आखिर में कहा कि उन्हें वे लोग बिल्कुल पसंद नहीं हैं, जो भारत में रहकर पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। उनका मानना है कि लोगों को देश का खाना खाकर देश के खिलाफ विचार नहीं रखने चाहिए।
