पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने और नई घोषणाओं के जरिए जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। मंडी में एक निजी कंपनी के शोरूम के शुभारंभ अवसर पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि पिछली गारंटियां पूरी नहीं हुईं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अब नई गारंटियां देने लगे हैं। उन्होंने नए जिलों के गठन की कवायद पर भी सवाल उठाते हुए इसे चुनावी वर्ष से पहले जनता को लुभाने की कोशिश बताया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर सरकार वास्तव में जनहित में नए प्रशासनिक जिले बनाना चाहती थी, तो उसे कार्यकाल की शुरुआत में ही इस दिशा में कदम उठाने चाहिए थे। उन्होंने यह भी कहा कि अब चुनाव नजदीक आने पर इस मुद्दे को उठाने से सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।
यह भी पढ़ें: सरकार, संगठन और जनता के बीच तालमेल की परीक्षा से गुजर रही सुक्खू सरकार
'BJP चर्चा के बाद देगी जवाब'
उन्होंने जनगणना के दौरान प्रशासनिक और राजस्व सीमाओं में बदलाव से जुड़ी कानूनी परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे समय में नए जिलों के पुनर्गठन और आयोग के गठन की प्रक्रिया पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि बीजेपी इस विषय पर पार्टी के भीतर चर्चा के बाद अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया देगी।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस को मिले झटकों के बाद सरकार अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए नई घोषणाएं कर रही है। उनके अनुसार, सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय नए मुद्दे उछालकर राजनीतिक माहौल बनाने पर है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार के पिछले वादों और मौजूदा कामकाज का हिसाब मांग रही है। ऐसे में नई गारंटियों से पुरानी नाकामियों पर पर्दा नहीं डाला जा सकता।
यह भी पढ़ें: माइनस 5 डिग्री तापमान में लोगों के बीच पहुंचे CM सुक्खू, जमीन पर बैठ किया संवाद
सोना महापात्रा की टिप्पणी का किया जिक्र
जयराम ठाकुर ने पार्श्व गायिका सोना महापात्रा की हिमाचल प्रदेश में कचरा प्रबंधन और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर की गई टिप्पणी का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कचरा प्रबंधन की समस्याएं पर्यटन और पर्यावरण के लिए चिंता का विषय हैं। उनके अनुसार, हिमाचल आने वाले पर्यटकों के सामने भी अव्यवस्था की स्थिति राज्य की छवि को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को टैक्स वसूली पर जोर देने के बजाय नागरिक सुविधाओं, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों पर राजस्व खर्च करना चाहिए। जयराम ने कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन कारोबार को बचाने के लिए प्रभावी कचरा प्रबंधन व्यवस्था जरूरी है।
सरकारी हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल पर भी घेरा
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर राजनीतिक गतिविधियों के लिए सरकारी हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रदेश की समस्याओं के समाधान के बजाय अपनी कुर्सी बचाने और दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकातों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बागियों पर भड़के सुखविंदर सिंह सुक्खू, रवि ठाकुर पर लगाए विश्वासघात के आरोप
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरों और हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल से सरकारी खजाने पर अनावश्यक बोझ पड़ रहा है। जयराम ने कहा कि बीजेपी सरकार के समय कांग्रेस नेता हेलिकॉप्टर के इस्तेमाल पर सवाल उठाते थे, जबकि अब कांग्रेस सरकार को भी सरकारी संसाधनों के उपयोग में जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताएं विकास और जनसमस्याओं के बजाय राजनीतिक प्रबंधन तक सीमित होती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता आगामी चुनावों में सरकार के कामकाज का आकलन करेगी।
