ग्रेटर नोएडा में एक पति ने अपनी पत्नी को पहले पिटा और फिर कथित तौर पर उसे जला दिया। 21 अगस्त को ही पीड़िता की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के कुछ डरा देने वाले वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वीडियो में आरोपी विपिन अपनी पत्नी निक्की को पिटता हुआ दिखाई दे रहा है। दूसरे वीडियो में निक्की आग से लिपटी हुई सीढ़ियों से नीचे आ रही है। इसके बाद एक और वीडियो वायरल हुआ, जिसमें निक्की का बेटा बता रहा है कि उसके पापा ने उसकी मां को लाइटर से आग लगाकर जला दिया है। इस केस में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
निक्की की पिटाई का जो वीडियो वायरल हुआ था, उसमें निक्की की सास भी उसे मारती-पिटती नजर आई थी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि निक्की का पति विपिन उसे बुरी तरह से पीट रहा था। साथ में उसकी मां दयावती भी शामिल थीं। निक्की की हत्या के बाद से उसके ससुराल के लोग फरार थे। पति पहले ही गिरफ्तार हो चुका था और उसकी मां, पिता और भाई को पकड़ने के लिए कासना पुलिस लगातार कोशिश कर रही थी। इसी कड़ी में रविवार दोपहर बाद निक्की की सास दयावती को कासना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें-- दहेज हत्या के आरोपी विपिन भाटी का एनकाउंटर, भागने की कर रहा था कोशिश
न्यायिक हिरासत में पति
निक्की के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को पुलिस टीम आरोपी को मेडिकल जांच और सबूत जुटाने के लिए ले जा रही तो आरोपी ने एक इंस्पेक्टर का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस एनकाउंटर में उसे गोली लगी। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस दौरान उसने मीडिया से बात करते हुए खुद को निर्दोष बताया।
उसने कहा, 'ना मैंने मारा है, ना कुछ किया है, वह अपने आप मर गई है। मियां-बीवी में हर जगह लड़ाई होती रहती है। मुझे इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना है।' अस्पताल में इलाज के बाद उसे कल ही कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी विपिन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
आरोपी सास और जेठ गिरफ्तार
निक्की के साथ मारपीट की जो वीडियो वायरल हो रही है उसमें विपिन की मां भी उसको पिटते हुए दिखाई दे रही हैं। पुलिस को मिली सूचना पर जिम्स अस्पताल के पास से विपिन की मां दयावती को गिरफ्तार कर लिया। निक्की की बहन ने जो शिकायत दर्ज करवाई है उसमें मां दयावती पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि सास दयावती ने निक्की को मारने में अहम भूमिका थी। आरोप है कि दयावती विपिन को ज्वलनशील पदार्थ लाकर दिया था। उसने बेटे को निक्की की हत्या करने के लिए उकसाया और उसकी मदद की थी। हत्या के बाद से ही दयावती फरार थी।
यह भी पढ़ें-- निक्की मर्डर केस: दहेज हत्या के इस मामले पर हंगामा क्यों, पूरी कहानी
आज सुबह पुलिस ने निक्की के जेठ रोहित को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एक वीडियो जारी कर इस गिरफ्तारी की जानकारी सार्वजनिक की। बता दें कि रोहित कंचन के पति हैं और इस मामले में वह भी आरोपी हैं।
बहन, बेटे ने लगाए आरोप
इस घटना के बाद पीड़िता की बहन कंचन ने ससुराल वालों पर आरोप लगाए। कंचन की एक वीडियो वायरल हो रही है। इस वीडियो में वह बता रही है कि किस तरह से उसकी बहन को परेशान किया जाता था। कंचन का बेटा कहता है कि पहले पापा ने मम्मी को पिटा फिर उनके उपर कुछ डाला और उसके बाद उन्हें लाइटर से जला दिया।
कंचन ने आरोप लगाए की विपिन अक्सर घर पर देरी से आता था और निक्की के साथ मारपीट करता था। कंचन ने बताया कि पति और ससुरालवालों ने निक्की की गर्दन और सिर पर जोरदार हमला किया था। इसके बाद उस पर तेजाब डाला और फिर उसके बेटे के सामने निक्की को आग लगा दी। इस दौरान कंचन अपनी बहन निक्की को बचाने की कोशिश करती रही लेकिन उसके साथ भी मारपीट की गई।
यह भी पढ़ें: खौफनाक: 36 लाख नहीं मिला दहेज तो बेटे के सामने पत्नी को लगाई आग
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
इस मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने निर्देश दिए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के डीजीपी को लेटर भेजकर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए है। महिला आयोग ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
2016 में हुई थी शादी
दादरी के रूपवास गांव की रहने वालीं निक्की और उनकी बड़ी बहन कंचन की शादी दिसंबर 2016 में ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में एक ही परिवार के दो भाइयों से हुई थी। बड़े भाई रोहित से कंचन की शादी हुई थी और छोटे भाई विपिन से निक्की की शादी हुई थी। नोटबंदी के दौरान की गई इस शादी में एक गाड़ी और मोटरसाइकिल दहेज में दिया गया था। निक्की का एक बेटा भी है और उसकी बहने कंचन की एक बेटी और एक बेटा है। इस मामले में निक्की की सास, ससुर के साथ विपिन और रोहित भी आरोपी हैं। कंचन का आरोप है कि यह हत्या दहेज के लिए की गई है।
यह भी पढ़ें-- 'स्कॉर्पियो और बुलेट दी, तब भी बेटी को मार डाला', बोले निक्की के पिता
परिवार वाले क्या बोले?
निक्की के परिवार वालों को अफसोस है कि वह अपनी बेटी को नहीं बचा पाए। निक्की ने अपने पिता को उसके साथ होने वाले अत्याचारों के बारे में पहले ही बता दिया था। एक बार निक्की अपने मायके भी आ गई थी लेकिन बाद में पंचायत के फैसले पर वह वापस ससुराल चली गई थी। निक्की के पिता भिखारी सिंह ने बताया कि उन्होंने नोटबंदी के दौरान बेटियों की शादी की थी।
उनका दावा है कि निक्की के पति को शादी के बाद एक कार भी दी गई थी लेकिन उनका आरोप है कि ससुराल वाले लगातार महंगी गाड़ी और करीब 36 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। निक्की की दादी दुख में हैं और वह कह रही हैं कि उनके पास अब एक ही पोती बची है और वह उसे अपने पास रखेंगी।
