हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज ऐक्टर विश्वनाथ (नाना) गजानन पाटेकर का 8 अक्टूबर को गोवा में अचानक निधन हो गया। 75 साल के नाना को तड़के उनके डोना पोला स्थित घर पर बेहोश पाया गया था। इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट मानी जा रही है। इस घटना के बाद पणजी पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।
पुलिस को अस्पताल से सुबह करीब 8:07 बजे सूचना मिली थी कि नाना को मृत अवस्था में इमरजेंसी वार्ड में लाया गया था। फिलहाल SI नितिन नाइक इस मामले की आगे की औपचारिकताएं और जांच पूरी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: जेल से छूटते ही गैंगस्टर की हत्या, शराब के ठेके बदमाशों ने बरसाई गोली, मौत हो गई
पुलिस की कार्रवाई
पणजी पुलिस को मणिपाल अस्पताल , बंबोलिम से फोन आया था कि डोना पोला के 'ओशन पार्क' स्थित घर से किसी व्यक्ति को मृत लाया गया है। आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, मृतक की पहचान गजानन पाटेकर के बेटे विश्वनाथ (नाना) गजानन पाटेकर के रूप में हुई। उनका स्थायी पता अंधेरी वेस्ट, मुंबई दर्ज है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से बातचीत की और अधिकारियों को इसका अपडेट दिया। इसके बाद 'अननैचुरल डेथ' (UD संख्या 62/2026) का केस दर्ज किया गया।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
नाना का अंतिम संस्कार 8 अक्टूबर (गुरुवार) देर रात पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ किया गया। निधन की खबर सामने आते ही पूरे देश और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनका पार्थिव शरीर गोवा से पुणे लाया गया, जहां डोणजे स्थित उनके फार्महाउस पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस मौके पर उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने कहा कि नाना साहेब जैसी शख्सियतें अपनी उपलब्धियों के कारण हमेशा अमर रहती हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बदलेगा मौसम, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, 3 जिलों में तूफान का अलर्ट
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कई अन्य बड़े नेताओं ने पुणे स्थित उनके फार्महाउस पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। फिल्म इंडस्ट्री से जैकी श्रॉफ, निर्देशक अनिल शर्मा, अनीस बज़्मी और निर्माता फिरोज नाडियाडवाला समेत कई हस्तियां डोनाजे गांव पहुंचीं। सभी ने वहां पहुंचकर परिवार को इस घड़ी में सांत्वना दी।
