भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर इन दिनों समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। वह लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अखिलेश के खिलाफ पोस्ट लिखकर उन्हें घेर रहे हैं। इस बीच राजभर ने रविवार को सर्वजनिक रूप से ऑटो चलाकर अपने पुराने दिनों को याद किया।
इस दौरान ऑटो चलाते हुए राजभर ने पूर्व सीएम अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि वह ऑटो चला-चला कर सरकार चलाने लगे। ओपी राजभर रविवार को पार्क रोड स्थित अपनी पार्टी सुभासपा के कार्यालय से घर तक ऑटो चलाकर पहुंचे। इस दौरान उनके ऑटो में पार्टी विधायक बैठे थे।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में बड़ा हादसा, 10 लोग नदी में डूबे, 7 महिलाओं समेत 8 की मौत
सपा प्रमुख के लिए ऑटो ड्राइविंग शो
मंत्री राजभर का ऑटो ड्राइविंग शो सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लिए था। साथ ही सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के पिछले बयान को लेकर भी था, जिसमें उन्होंने राजभर को लेकर बयान दिया था। दरअसल, पिछले दिनों अखिलेश यादव ने ओम प्रकाश राजभर पर तंज कसा था जिसके जवाब में उन्होंने ऑटो चलाते हुए कहा, 'ऑटो चलाते-चलाते सरकार चलाओ।'
ओपी राजभर ने क्या कहा?
उन्होंने कहा, 'अखिलेश जी और उनके ट्रोलरों से कहना चाहते हैं कि हम मेहनतकश और संघर्षशील समाज से आते हैं। ऑटो चलाना हमारे लिए अपमान नहीं, गर्व की बात है। हम उन लोगों में से हैं जिन्होंने जमीन पर संघर्ष किया है, मेहनत की है और लोगों के दर्द को करीब से महसूस किया है। गरीब, मजदूर, पिछड़े और मेहनतकश समाज की तकलीफ वही समझ सकता है, जिसने खुद संघर्ष देखा हो।'
यह भी पढ़ें: रात में बाघ ने पहले महिला को मारा, 2 को किया घायल; सुबह उसकी भी मौत
ओपी राजभर ने आगे कहा, 'एसी और पीसी की राजनीति करने वालों को शायद पसीने की कीमत नहीं पता, लेकिन जनता जानती है कि असली नेता वही होता है जो जनता के बीच से निकलकर आता है, न कि सिर्फ आलीशान कमरों में राजनीति करता है।'
