उत्तर प्रदेश के आगरा से एक मामला सामने आया है जहां संजय प्लेस इलाके में स्थित एक प्राइवेट कंपनी के ऑफिस में 32 साल की एचआर मैनेजर, मिंकी शर्मा की उनके ही साथ काम करने वाले साथी विनय सिंह ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर था। उसने मिंकी का सिर काट कर शरीर से अलग कर दिया और साथ ही बाकी के अंगों को भी काट दिया। यह पूरी वारदात तब हुई जब दफ्तर में उन दोनों के अलावा और कोई मौजूद नहीं था।
हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने सिर को एक बैग में रखा और शरीर के बाकी हिस्सों को प्लास्टिक की बोरी में भरकर अपनी ही स्कूटी से ठिकाने लगाने के लिए निकल पड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ चल रही है।
यह भी पढ़ें: बारामती में अजित पवार का विमान क्रैश, क्या पता चला?
हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि विनय और मिंकी पिछले दो साल से रिलेशनशिप में थे। हालांकि मिंकी के परिवार ने इस बात से इनकार किया है। विनय को शक था कि मिंकी पिछले 6 महीनों से किसी और व्यक्ति से बात कर रही है, जिसे लेकर उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था।
विनय उससे शादी करना चाहता था लेकिन मिंकी ने मना कर दिया था। 23 जनवरी को इसी बात पर ऑफिस में बहस हुई और गुस्से में आकर विनय ने चाकू से मिंकी पर हमला कर दिया। मर्डर करने के बाद वह लाश को यमुना नदी में फेंकने के इरादे से जवाहर पुल तक पहुंचा लेकिन बोरी भारी होने के कारण वह उसे उठा नहीं पाया।
आसपास लोगों को देखकर वह घबरा गया और लाश से भरी बोरी वहीं छोड़कर फरार हो गया। बाद में उसने सिर, मोबाइल और खून से सने कपड़े एक नाले में फेंक दिए।
यह भी पढ़ें: मनोहर लाल के बेटे ने 3 बाइक सवार दोस्तों को रौंदा, 1 की मौत
कैसे पकड़ा गया विनय?
जब मिंकी रात तक घर नहीं लौटी, तो परिवार ने उसके गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। 24 जनवरी की सुबह पुलिस को पुल के पास बोरी में बंद शरीर के हिस्से मिले। पुलिस ने शहर के अलग-अलग हिस्सों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे विनय की पहचान हुई।
26 जनवरी को गिरफ्तारी के बाद विनय ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं (BNS 103(1) और 238) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस गायब सिर की तलाश कर रही है।
