उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में 27 जनवरी को एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी ने बाइक पर जा रहे तीन दोस्तों को बुरी तरह कुचल दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस हादसे में यूपी सरकार के श्रम सेवा योजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ के बेटे नरेश पंथ का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि जिस फॉर्च्यूनर से यह एक्सीडेंट हुआ, वह मंत्री की पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड है। चश्मदीदों का आरोप है कि घटना के वक्त नरेश पंथ अपने साथियों के साथ गाड़ी में मौजूद थे और वे सभी नशे की हालत में थे।
यह हादसा जाखलौन थाना क्षेत्र के जीरोन गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: बारामती में अजीत पवार का विमान क्रैश, क्या पता चला?
बाइक पर 3 दोस्त सवार
बरखेरा के रहने वाले 21 साल के शिवेंद्र, 19 साल के अनुज और तीसरा दोस्त शंकर धार्मिक कार्यक्रम से लौटने के लिए वहां से निकल रहे थे। सोमवार देर रात तीनों घर वापस जाने के लिए बाइक स्टार्ट कर रहे थे। तभी अचानक देवगढ़ से ललितपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक समेत इन्हें रौंद दिया। कार पर विधायक लिखा था।
लोगों ने जमकर किया हंगामा
घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक धार्मिक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे तभी काल बनी फॉर्च्यूनर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि उन्होंने मंत्री के बेटे और उनके साथियों को रोकने की कोशिश की लेकिन आरोपी वहां मौजूद लोगों को डराते-धमकाते हुए मौके से भाग निकले।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। साथ ही न्याय की मांग की है। लोगों में इस बात को लेकर काफी नाराजगी है कि सत्ता के नशे में चूर होकर इस तरह की लापरवाही की गई।
यह भी पढ़ें: 'फर्जी सर्टिफिकेट से नौकरी ली', इस्तीफा देने वाले प्रशांत के भाई ने खोली पोल
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि गाड़ी वाकई कौन चला रहा था। फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।