संजय सिंह, पटना: बिहार की राजनीति में महिला सशक्तिकरण को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित 'जन आक्रोश महिला सम्मेलन' में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि नारी शक्ति के सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के अधिकार और उनकी भागीदारी को मजबूत करने की कोशिश लगातार जारी रहेगी। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी ने इसे राजनीतिक रूप से अहम बना दिया।
यह भी पढ़ें: '90% औरतों को नेता के रूम में जाना पड़ता है...', पप्पू यादव के बयान पर हंगामा
विपक्ष पर लगाया आरोप
यह सम्मेलन भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक (131वां संशोधन) पारित न होने के विरोध में आयोजित 'जन आक्रोश महिला मार्च' के बाद हुआ। इस आयोजन के जरिए NDA ने विपक्ष के खिलाफ बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। मंच से महिला नेत्रियों ने भी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराते हुए साफ संकेत दिया कि यह आक्रोश सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि NDA सरकार शुरू से ही महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा थी कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनकी राजनीतिक भागीदारी को मजबूत किया जाए लेकिन विपक्ष ने इस दिशा में बाधा उत्पन्न की।
यह भी पढ़ें: सम्राट से उम्मीद, नीतीश की तारीफ; तेजस्वी पर साधा निशाना
सम्राट चौधरी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि यदि नए परिसीमन के आधार पर चुनाव होते तो बिहार में महिला विधायकों की संख्या 29 से बढ़कर करीब 122 तक पहुंच सकती थी। उन्होंने विपक्ष पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दल केवल अपने परिवार के सदस्यों को ही सत्ता में देखना चाहते हैं, जबकि NDA की सोच देश की हर महिला को आगे बढ़ाने की है।
कांग्रेस और RJD महिला विरोधी: सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी, लालू यादव और अन्य विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग महिलाओं के अधिकारों की बात तो करते हैं लेकिन असल में अपने परिवार की महिलाओं को ही राजनीति में आगे बढ़ाते हैं। वहीं, NDA सरकार देश की हर बहन-बेटी को अवसर देने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही देश है जहां मां दुर्गा, मां सरस्वती और मां काली की पूजा की जाती है लेकिन आज कुछ राजनीतिक दल महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित करने का प्रयास कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'BJP को नेता नहीं पुलिस चला रही', बेटे ने लोगों को रौंदा तो बरस पड़े BJP विधायक
मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि जरूरत पड़ी तो उन्हें पाताल से भी खोज निकाला जाएगा। सम्राट चौधरी ने यह भी बताया कि बिहार में NDA सरकार ने पंचायत और नगर निकायों में 50 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया है, जिसका परिणाम है कि आज राज्य में महिला जनप्रतिनिधियों की संख्या 59 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
