मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में 16 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे ने 5 लोगों को अपनी थार कार से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद विधायक के बेटे के कुतर्कों के कारण जनता का गुस्सा और ज्यादा बढ़ गया। शुरुआत में विधायक ने पुलिस से कार्रवाई करने का आग्रह किया लेकिन बाद में वह खुद पुलिस से टकरा गए। करेरा के एसडीओपी आयुष जाखड़ पर जमकर हमला बोला जिसपर विवाद हुआ। अब विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने एक बार फिर अपनी बात रखी है।
अब प्रीतम सिंह लोधी ने एक वीडियो जारी किया है। वह कह रहे हैं कि इस मामले पर हमने संज्ञान लिया है और पुलिस का हर कदम पर साथ दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को फोन कर मामले में कार्रवाई की है। एसपी ने कहा कि दिल्ली से आदेश आया है कि गाड़ी को थाने में पहुंचा दो। हमने गाड़ी को थाने में पहुंचा दिया और पुलिस का हर कदम पर साथ दिया।
यह भी पढ़ें: 'मेरा बेटा चुनाव लड़ेगा, आपके डैडी में दम है तो रोक लें', BJP विधायक ने दी धमकी
दिल्ली से आ रहे आदेश
विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने बताया कि एसपी ने उन्हें फोन कर कहा कि दिल्ली से आदेश आया है और अपने बेटे को छिपा दो। उन्होंने कहा, 'जब वह कुछ दूर चला जाता है तो उसे बुलाकर धमकाया जाता है और कहा जाता है कि ना तू इस इलाके से चुनाव लड़ेगा और ना ही इस इलाके में दोबारा दिखेगा। यह बात मुझसे कही तो मैं एसपी साहब से पूछना चाहता हूं कि दिल्ली से सारी खबर पुलिस के पास ही क्यों आती है।'
अपनी ही पार्टी पर उठाए सवाल
विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने एसपी से कहा कि वह बताएं कि दिल्ली से उन्हें कौन जानाकरी दे रहा है और आदेश दे रहा है। हमने पुलिस की मदद की है यह भी जनता को बताए और यह भी बताए कि दिल्ली से आदेश कौन दे रहा है। प्रीतम सिंह लोधी ने सवाल किया कि क्या अमित शाह या नरेंद्र मोदी एसपी को खबर करते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं मोदी जी और अमित शाह जी से मिलना चाहता हूं और इसकी परतें खोलना चाहता हूं। क्या शिवपुरी जिले में बीजेपी को पुलिस चला रही है। क्या मध्यप्रदेश में बीजेपी के नेता नहीं हैं?'
यह भी पढ़ें: लोधी जाति से बनती-बिगड़ती हैं सरकारें! सांसद ने धमकी के साथ BJP से मांगा CM पद
प्रीतम सिंह लोधी ने एसडीपीओ को चेतावनी देते हुए कहा कि वह जनता के सामने आकर बताएं कि हमने इस मामले में उनका कितना साथ दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो मैं 15 दिन के बाद समर्थकों के साथ उनके घर पर जाकर उनके घर को गाय के गोबर से भर दूंगा।
बेटे ने पांच लागों को किया था घायल
16 अप्रैल सुबह करीब 7:30 बजे करेरा में संजय परिहार, आशीष परिहार और अंशुल परिहार मोटरसाइकिल पर तहसील ऑफिस जा रहे थे। उनके आगे सड़क पर सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं। आरोप है कि दिनेश लोधी ने तेज रफ्तार में काली थार चलाई और पहले दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी, फिर मोटरसाइकिल को रौंद दिया। सभी पांच लोग घायल हो गए। राजनीतिक परिवार से होने के कारण मामला और ज्यादा बढ़ गया। शुरुआत में विधायक ने पुलिस का साथ देने की बात कही थी लेकिन अब वह खुद पुलिस से टकरा रहे हैं।