उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर छह साल के बच्चे की हत्या कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के आरोप में बच्चे की मां को ही गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में महिला के प्रेमी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
मेरठ के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने शुक्रवार को बताया कि 16 जून को बहसूमा थाने में एक महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। महिला ने आरोप लगाया था कि मुजफ्फरनगर का अर्पित शर्मा छह साल के बच्चे को कार में बैठाकर ले गया और उसके साथ अनहोनी की आशंका है।
यह भी पढ़ें: 'बच्चियां सो रहीं, जगाना मत', 3 बेटियों को मारकर पिता ने लगाई फांसी
हत्यारे ने जुर्म कबूला
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान में अर्पित शर्मा ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि उसकी और महिला गुरप्रीत कौर का प्रेम संबंध था। बच्चा प्रेम संबंधों में बाधा बन रहा था, इसी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी और शव को हस्तिनापुर क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया।
मां की भी संलिप्तता सामने आई
अभिजीत कुमार के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और कार भी पुलिस ने बरामद कर ली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विवेचना और अन्य सबूतों के आधार पर बच्चे की मां गुरप्रीत कौर की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमान पर गिरी बिजली, 141 यात्री थे सवार
उन्होंने कहा कि अर्पित शर्मा को पहले ही कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि गुरप्रीत कौर को रिमांड की कार्रवाई के लिए कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में हत्या, सबूत मिटाने और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।


