गुजरात के सूरत से एक ऐसी खबर सामने आई है जिससे हर कोई हैरान है। सूरत में एक महिला टीचर ने 13 साल के लड़के को किडनैप कर लिया। दोनों एक ही इलाके में रहते थे और दोनों को एक साथ जाते हुए एक सीसीटीवी में देखा जा सकता है। लड़के के पिता की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में किडनैपिंग और यौन शोषण के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस मामले में जांच कर रही है।

 

सूरत में 23 साल की एक महिला टीचर 13 साल के लड़के को पिछले 3 सालों से ट्यूशन पढ़ाती थी। लड़के के परिवार वालों ने टीचर को डांट दिया था जिससे नाराज होकर दोनों घर छोड़कर फरार हो गए। दोनों 25 अप्रैल को घर से फरार हुए थे। इसके बाद घरवालों ने तलाश शुरू की तो एक सीसीटीवी कैमरे में लड़के को उसकी ट्यूशन टीचर के साथ जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने महिला टीचर के खिलाफ किडनैपिंग का मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार को पुलिस को महिला की लोकेशन को ट्रेस कर लिया था। सूरत पुलिस की एक टीम ने महिला को एक प्राइवेट बस से गिरफ्तार कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: 27 साल पुलिस में काम करने वाले को भेज रहे थे पाकिस्तान, HC ने लगाई रोक


परिवार वालों ने डांटा था


आरोपी महिला ट्यूशन टीचर और लड़के ने पुलिस पूछताछ में बताया कि लड़के ने बताया कि परिवार वालों ने उसके पढ़ाई को लेकर डांट दिया था जिसके बाद उसने घर छोड़ने का फैसला लिया था। महिला टीचर ने भी यही बात दोहराई की काम को लेकर लड़के के परिवार ने उसे डांट दिया था। इसके बाद दोनों घर छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने जानकारी दी कि लड़का घर से खाली हाथ ही गया था जबकि महिला अपने साथ पैसे और कुछ सामान लेकर गई थी।

 

पुलिस अधिकारी ने कहा, 'टीचर और लड़के ने कुछ समय सूरत रेलवे स्टेशन पर बिताया लेकिन ट्रेन नहीं पकड़ सके। इसके बाद वह उसे बस स्टैंड ले गई। टीचर अपने साथ 25,000 रुपये और कपड़े लेकर आई थी, जबकि लड़का घर से खाली हाथ निकला था। वे अहमदाबाद पहुंचे और एक होटल में रुके, फिर दिल्ली और जयपुर गए। जब हमारी टीम को सूचना मिली, तो वे गुजरात लौट रहे थे।' 


लड़के और टीचर के संबंधों पर शक


पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और अब पुलिस लड़के और महिला के बीच किस प्रकार के संबंध थे इसकी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि दोनों के बीच  यौन संबंध हो सकते हैं। हालांकि, अभी पुलिस को  शक है कि लड़के की उम्र ज्यादा हो सकती है। पुलिस छात्र की उम्र की जांच भी कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: 12 साल की लड़की से रेप का आरोप, नैनीताल में मस्जिद पर हुआ पथराव

 

POCSO के तहत दर्ज हुआ केस


पुलिस को प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच शारीरिक संबंधों का पता चला है। पुलिस ने लड़के के पिता की शिकायत पर दर्ज किडनैपिंग के केस में पॉक्सो ऐक्ट (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) की धारा 8, 4 और 12 को भी शामिल कर लिया है। आरोपी टीचर की मेडिकल जांच करवाई है और वह हिरासत में है। पीड़ित लड़के को पुलिस ने पूछताछ के बाद परिवार को सौंप दिया है।