उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में अवधी गायक संजय यदुवंशी के घर आधी रात पुलिस पहुंचने का मामला सामने आया है। संजय यदुवंशी का आरोप है कि पुलिस टीम रात में उनके घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुई और थाना प्रभारी (SHO) ने कहा कि उन्हें संजय की जरूरत है। इस घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिाय पर सामने आए हैं। इस घटना के बाद संजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठाए हैं। 

 

संजय यदुवंशी ने फेसबुक पोस्ट के जरिए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर पुलिस को उनकी जरूरत किस मामले में है? उन्होंने सवाल किया कि क्या उनके खिलाफ कोई गिरफ्तारी वारंट है? क्या उन्होंने कोई हत्या की है या किसी का अपहरण किया है? संजय के इन सवालों के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। उनके अनुसार, पुलिस जिस तरह देर रात उनके घर पहुंची, उससे परिवार के लोगों में भी चिंता और डर का माहौल पैदा हुआ।

 

यह भी पढ़ें: 'हमारी मदद ज्ञानेश नहीं गणेश जी कर रहे हैं...', CEC पर आरोपों के बीच बोली BJP

 

पुलिस ने क्या बताया?

एक तरफ संजय यदुवंशी पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, दूसरी ओर पुलिस ने संजय यदुवंशी के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। सुल्तानपुर पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया है कि संजय यदुवंशी के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में मारपीट और जानलेवा हमला करने के संबंध में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है।

 

 

पुलिस के मुताबिक, इस मुकदमे में संजय यदुवंशी वांछित चल रहे हैं। इसी मामले की विवेचनात्मक कार्रवाई के तहत पुलिस टीम उनकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश किसी व्यक्तिगत वजह से नहीं, बल्कि दर्ज मुकदमे की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत की जा रही है।

आरोपों को बताया निराधार

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि संजय यदुवंशी की ओर से पुलिस पर लगाए गए आरोप असत्य और निराधार हैं। यानी पुलिस का पक्ष है कि टीम की कार्रवाई कानून के तहत दर्ज मुकदमे की जांच का हिस्सा है। हालांकि, देर रात पुलिस की टीम के संजय के घर पहुंचने से मामला गंभीर हो गया है। संजय ने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो जारी कर आरोप लगाए हैं। 

परिवार को एनकाउंटर का डर

संजय के पिता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया और बताया कि पुलिस वाले उनके घर मे घुसकर उनके पुत्र संजय और उसके बड़े भाई शिवा यादव की तलाश कर रहे है। उन्होंने आशंका जताई की पुलिस उनके बेटों का एनकाउंटर कर सकती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो इसकी जिम्मेदार पुलिस होगी। 

 

यह भी पढ़ें: खुद कबूले गुनाह फिर कैसे स्वतंत्र भरद्वाज को दिल्ली कोर्ट से मिली जमानत?

 

अखिलेश यादव ने किया ट्वीट 

इस मामले पर अब अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, 'नैतिकता की सीमा लांघकर, निजता का अतिक्रमण करनेवाली उत्तर प्रदेश सरकार की पुलिस का ये अपशब्द और मौखिक शारीरिक व्यवहार किससे प्रेरित है, ये सब जानते हैं। अब पुलिस का ये ही कहना बाकी है कि हम किसी नियम-कानून को मानने के मूड में नहीं है।'