उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बुढ़ाना गांव में 32 वर्षीय युवक ने 150 करोड़ रुपये की संपत्ति के विवाद में अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बुधवार देर रात हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद हथियार लेकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

 

मृतक की पहचान 52 वर्षीय हरिओम चौधरी के रूप में हुई है, जो इलाके के संपन्न किसानों में गिने जाते थे। उनके पास करीब 75 बीघा कृषि भूमि और दिल्ली-मेरठ रोड पर एक बड़ा मार्केट था। पुलिस के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति की कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये आंकी गई है। परिवार में उनकी पत्नी अनीता और छोटा बेटा नीशू हैं।

 

यह भी पढ़ें: महिला पर थार चढ़ाई, अस्पताल ले गए; मौत हुई तो वापस घटनास्थल शव छोड़ा

जमीन को लेकर बढ़ता गया विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि बड़ा बेटा निखिल शराब का आदी था और इसी बात को लेकर उसका परिवार से अक्सर विवाद होता था। SP मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि हरिओम चौधरी बेटे को कई बार शराब छोड़ने की सलाह देते थे। परिवार का कहना है कि पिता पहले ही निखिल को बाजार में कुछ दुकानें और 25 बीघा जमीन दे चुके थे। इसके बावजूद वह बाकी संपत्ति भी अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। बुधवार रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा, जिसके बाद पिता-पुत्र के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

 

पुलिस के मुताबकि, विवाद बढ़ने पर निखिल ने पिस्तौल निकालकर अपने पिता पर फायरिंग कर दी। पहली गोली हरिओम चौधरी के चेहरे पर लगी और वह वहीं गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने उनके चेहरे, सीने और पेट पर कई और गोलियां दाग दीं। शव पर चार से छह गोलियों के निशान मिले हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

यह भी पढ़ें: 'बहुरूपिए को इतनी कवरेज क्यों?' प्रशांत किशोर पर भड़क गए पप्पू यादव

2018 में भी भाई पर चला चुका था गोली

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि निखिल करा हिंसक व्यवहार पहले भी सामने आ चुका है। वर्ष 2018 में उसने अपने छोटे भाई नीशू पर भी गोली चला दी थी। पुलिस अब उस पुराने मामले की भी जांच कर रही है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर ओरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।