मध्य प्रदेश की इंदौर पुलिस ने गुरुवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से कथित तौर पर 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जितु पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि राजेंद्र नगर पुलिस को ड्रग के बारे में पहले सूचना मिली। 

सूचना के आधार पर इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई को इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके पास से कथित तौर पर 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर और एक SUV भी बरामद हुई। दोनों के खिलाफ नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्स्टेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें: कौन हैं हरप्रीत तलवार जिसे मुंद्रा ड्रग केस में ED ने गिरफ्तार किया?

जीतू पटवारी के भाई कैसे फंस गए?

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे यह ब्राउन शुगर नाना पटवारी उर्फ कुलभूषण पटवारी और मनाव गंगवानी को सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद रात में उन्हें छोड़ दिया गया। अब पुलिस तकनीकी सबूत, कॉल डिटेल्स और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।

 

 

नाना पटवारी पर पहले भी दर्ज है NDPS केस

पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाना पटवारी पर पहले भी विजय नगर थाने में NDPS का एक पुराना केस दर्ज है। उनके और मुख्य आरोपी इरफान खान के बीच संपर्क के सबूत भी मिले हैं। नाना पटवारी पर कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

यह भी पढ़ें: पंजाब जेल में कैदियों को खुलेआम मिल रहा ड्रग, कैदी ने ही इंस्टा पर दिखाया वीडियो

जीतू पटवारी ने आरोपों पर क्या कहा है?

कांग्रेस अध्यक्ष जूतू पटवारी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह फर्जी मामला है। मुख्यमंत्री मोहन यादव का जिक्र करते हुए कहा, 'सरकार उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं है और और तेजी से लड़ाई लड़ेगी।' पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।