उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की बुधवार को प्रस्तावित अहम बैठक में ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO के चयन पर फैसला हो सकता है। CEO के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति मंगलवार को ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को तीन अंतिम नाम सौंपेगी। इसके बाद बुधवार की बैठक में इन नामों पर मंथन कर CEO के नाम पर मुहर लगने की संभावना है।
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक का एजेंडा जारी कर दिया गया है और सभी सदस्यों को बैठक के लिए आमंत्रण भेजे गए हैं। CEO का चयन बैठक के सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल है। चयन समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, विष्णु कांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े शामिल हैं।CEO पद के लिए समिति को कुल 5585 आवेदन प्राप्त हुए थे। ऑनलाइन साक्षात्कार के बाद 111 अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए चुना गया। इसके बाद योग्यता और मेरिट के आधार पर 16 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। अब समिति इन 16 में से तीन अंतिम नाम ट्रस्ट के सामने रखेगी।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर में दिया 4 करोड़ का चेक, खाते में थे सिर्फ 3 रुपये
मणिराम छावनी मंदिर में होगी बैठक
ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास के मुताबिक ट्रस्ट की बैठक अयोध्या के मणिराम छावनी मंदिर में होगी। बैठक के दो सत्र प्रस्तावित हैं। पहला सत्र दोपहर दो बजे और दूसरा सत्र शाम चार बजे से होगा।बैठक में CEO के अलावा ट्रस्ट के प्रवक्ता की नियुक्ति, सालाना लेखा-जोखा, मंदिर प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा और उसमें सुधार, श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी। ट्रस्ट के तीन खाली पदों को भरने का विषय भी बैठक में रखा जा सकता है।
राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद के बाद ट्रस्ट के पूर्व पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर भी चर्चा जारी है। अयोध्या के संतों और मंदिर की धार्मिक समिति की ओर से चंपत राय को क्लीन चिट दिए जाने और उनकी ट्रस्ट में वापसी की मांग किए जाने की बात सामने आई है।हालांकि ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास ने स्पष्ट किया है कि एसआईटी की जांच पूरी होने तक चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्र की ट्रस्ट में वापसी को लेकर कोई चर्चा नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: 2027 के लिए क्या एजेंडा तय कर गईं मायावती? बैठक में बन गई रणनीति
चढ़ावा चोरी मामले में वकीलों का प्रदर्शन
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने रामपथ पर प्रदर्शन किया। वकीलों ने मामले में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।अब बुधवार की ट्रस्ट बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं। खास तौर पर CEO पद के लिए सामने आने वाले तीन नामों और उनमें से किस नाम पर ट्रस्ट मुहर लगाता है, इसे लेकर अयोध्या से लेकर लखनऊ तक चर्चा तेज है।
