चीन के जिलिन प्रांत से एक अनोखी और दिल छू लेने वाली घटना सामने आई है। जहां चोरी हुए 7 पालतू कुत्तों ने मिलकर अपनी जान बचाई और करीब 17 किलोमीटर का सफर तय कर अपने घर वापस लौट आए। यह घटना न सिर्फ हैरान करने वाली है बल्कि जानवरों की समझदारी और आपसी जुड़ाव का शानदार उदाहरण भी पेश करती है।

 

बताया जा रहा है कि ये सभी कुत्ते एक ही गांव के थे और अलग-अलग तीन घरों से चोरी किए गए थे। उन्हें अवैध डॉग मीट व्यापार के लिए एक ट्रक में ले जाया जा रहा था। रास्ते में इन कुत्तों ने हिम्मत दिखाते हुए पिंजरे से बाहर निकलने में कामयाबी हासिल की और चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गए।

 

यह भी पढ़ें: यूनिवर्सिटी की कैंटीन के खाने में मिली छिपकली, स्टाफ ने खाकर बताया शिमला मिर्च

 

भागने के बाद ये सभी कुत्ते करीब दो दिनों तक साथ-साथ चलते रहे। उन्होंने हाईवे और खेतों के रास्ते पार करते हुए लगभग 17 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान सबसे खास बात यह रही कि एक भी कुत्ता ग्रुप से अलग नहीं हुआ। सभी ने एक-दूसरे का साथ निभाया और टीम की तरह आगे बढ़ते रहे।

कॉर्गी की लीडरशिप ने खींचा ध्यान

इस पूरी यात्रा में एक छोटे कद का कॉर्गी कुत्ता लीडर के रूप में सामने आया। वायरल वीडियो में देखा गया कि वह सबसे आगे चल रहा था और बार-बार पीछे मुड़कर बाकी कुत्तों को देख रहा था। वहीं एक गोल्डन रिट्रीवर किनारे चलते हुए जैसे सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहा था। बीच में एक घायल जर्मन शेपर्ड था, जो लंगड़ा रहा था और बाकी कुत्ते उसकी चाल के अनुसार अपनी गति बनाए हुए थे।

 

यह भी पढ़ें: 'गैस नहीं मिल रही, दही चूड़ा खाओ', मजदूरों को सुपरवाइजर की सलाह, वीडियो वायरल

वायरल वीडियो से हुई पहचान

16 मार्च को चांगचुन शहर में एक व्यक्ति ने इन कुत्तों का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे शेयर कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लाखों लोगों ने इसे देखा। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और वॉलंटियर्स सक्रिय हुए। कुत्तों की लोकेशन ट्रैक करने के लिए ड्रोन की भी मदद ली गई। 19 मार्च तक सभी 7 कुत्तों को सुरक्षित उनके मालिकों के पास वापस पहुंचा दिया गया। अपने पालतू जानवरों को वापस पाकर मालिकों ने राहत की सांस ली और इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया।