कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के ब्रूकफील्ड इलाके में आईटी कंपनी कैपजेमिनी के परिसर में चल रहे डे-केयर सेंटर में पांच आयाओं (नैनी) पर छोटे बच्चों के साथ क्रूरता करने का आरोप लगा है। इन पर आरोप है कि उन्होंने 2 से 3 साल के बच्चों को रोने पर धमकाया, बाथरूम में बंद किया, फ्रंट लोडिंग वॉशिंग मशीन में डाला और टॉयलेट जेट से पानी उनके मुंह में डाल दिया। इस मामले की शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारी ने की है।
अधिकारियों को चार वीडियो मिले थे, जिनमें बच्चों के साथ बर्बरता दिख रही है। नैनी बच्चों का उत्पीड़न करती, उन्हें पीटती नजर आ रही हैं। पुलिस के अनुसार, ये वीडियो उसी डे-केयर की एक कर्मचारी ने बनाए थे, जिसकी एक सहेली को पिछले महीने नौकरी से निकाल दिया गया था।
यह भी पढ़ें: 'कह दो ओपन हार्ट सर्जरी हुई है', ऑनलाइन सुनवाई के दौरान वकील ने फोन पर बोला झूठ
पुलिस की नजर में आरोपी कौन हैं?
पुलिस ने मंजुला, विजयलक्ष्मी, भावानी, सिंधु और बिंदु के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और बीएनएस की धारा 351 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बुधवार को मौके पर पहुंची और वहां के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए।
कंपनी ने डे केयर सर्विस बंद किया
कंपनी कैपजेमिनी ने बयान जारी कर कहा है कि उनके लिए कर्मचारियों और उनके परिवार की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। वे पूरी तरह पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर उन्होंने बेंगलुरु कैंपस का डे-केयर सेंटर अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
यह भी पढ़ें: BJP पार्षद की बात भी नहीं सुन रहे अधिकारी, नाले में टेबल लगाकर काटा बर्थडे केक
अब पुलिस क्या कदम उठा रही है?
पुलिस ने कहा कि अब महिलाओं को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाएंगे। पुलिस बच्चों के माता-पिता से भी पूछेगी कि उन्होंने कभी कोई अनियमितता पहले भी देखी है या उनके बच्चो ने कोई शिकायत पहले की थी या नहीं। बेंगलुरु के व्यस्त डे-केयर सेंटर का यह वर्क कल्चर चौंकाने वाला है। परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं।


