बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान चोरी की घटना सामने आई है। मंत्री के स्वागत के लिए सकरी चौक पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे थे। इसी भीड़ के बीच JDU नेता राजेश मंडल के गले से सोने की चेन गायब हो गई। चेन की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

घटना तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक की है। जानकारी के मुताबिक, मंत्री का काफिला वहां पहुंचा तो कार्यकर्ताओं में उनका स्वागत करने की होड़ लग गई। इसी दौरान कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी राजेश मंडल भी मंत्री को माला पहनाने के लिए आगे गए। उन्होंने मंत्री को माला पहनाई, लेकिन इस दौरान काफी भीड़ और धक्का-मुक्की हो रही थी। कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि उनके गले से सोने की चेन गायब है।

 

यह भी पढ़ें: गजब है बिहार! चोरी न हो जाए... इसलिए Scorpio छत पर रखवा दी

भीड़ कम होने पर चला पता

राजेश मंडल के मुताबिक, मंत्री को माला पहनाते समय उन्हें चेन गायब होने का पता नहीं चला। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब भीड़ कम हुई तो उन्होंने गले पर हाथ लगाया। चेन वहां नहीं थी। इसके बाद उन्होंने आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी।

राजेश मंडल ने तुर्की थाना पुलिस को लिखित आवेदन भी दिया है। उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि भीड़ में किसी ने  चेन खींची हो सकती है। हालांकि यह भी हो सकता है कि धक्का-मुक्की के दौरान चेन टूटकर गिर गई हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: एक पैर से 400 मीटर चलकर स्कूल जाती थीं रागिनी, अब DM ने पहुंचकर दी ट्राईसाइकिल

मंत्री ने अस्पताल का किया निरीक्षण

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अपने मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान SKMCH और होमी भाभा कैंसर अस्पताल भी पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कैंसर अस्पताल में 12 बेड वाले नए ICU का उद्घाटन भी किया।

 

मंत्री ने बिहार में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। वहीं उनके स्वागत के दौरान JDU नेता की करीब 7 लाख रुपये की चेन गायब की होने की घटना चर्चा में रही।