गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के ऊना तालुका में एक सरकारी स्कूल है, जिसका नाम खापत प्राइमरी स्कूल है। यहां सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक बच्चे से उसके टीचर ने शराब की बोतल मंगवाई। इस टीचर का नाम हरेशगिरी गोस्वामी है। टीचर ने बच्चे को स्कूल की पढ़ाई के समय के दौरान ही बाहर शराब लेने के लिए भेज दिया था। यह पूरी घटना तब सामने आई जब प्रिंसिपल ने बच्चे को बोतल के साथ स्कूल आते हुए देखा।


जब बच्चा शराब की बोतल लेकर वापस स्कूल पहुंचा तो वहां के प्रिंसिपल की नजर उस पर पड़ गई। प्रिंसिपल ने जब बच्चे को स्कूल के अंदर आते हुए देखा तो उन्हें तुरंत शक हुआ। उन्होंने बच्चे को रोककर उससे पूछताछ की। बच्चे ने प्रिंसिपल को सच बता दिया कि उसे टीचर हरेशगिरी गोस्वामी ने ही शराब लेने के लिए भेजा था। बच्चे ने यह भी बताया कि टीचर ने उसे सिर्फ आज ही नहीं बल्कि पहले भी कई बार इसी तरह शराब लाने के लिए बाहर भेजा है।

 

यह भी पढ़ें: रोते-बिलखते बच्चे, टॉर्चर, मारपीट, बेंगलुरु में बच्चों के साथ क्या करती थी नैनी?

प्रिंसिपल की कार्यवाही

प्रिंसिपल ने तुरंत वह शराब की बोतल बच्चे से अपने पास ले ली। इसके बाद प्रिंसिपल ने इस पूरे मामले की लिखित में शिकायत दर्ज कराई। तालुका प्राइमरी एजुकेशन ऑफिसर हरेश वढेर ने बताया कि उन्हें जैसे ही प्रिंसिपल से इस बात की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी। अब इस मामले की शिक्षा विभाग की तरफ से पूरी जांच की जा रही है जिसे विभागीय जांच कहा जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: कर्नाटक की इस ऐतिहासिक बावड़ी को देखने दूर-दूर से पहुंच रहे लोग, वजह क्या है?

टीचर का पुराना रिकॉर्ड

शिक्षक हरेशगिरी गोस्वामी का रिकॉर्ड पहले भी खराब रहा है। वे स्कूल में गुजराती पढ़ाते हैं लेकिन इससे पहले भी वे स्कूल के समय में शराब पिए हुए पकड़े जा चुके हैं। उस समय भी उनके खिलाफ कार्यवाही हुई थी और उनका एक साल का इंक्रीमेंट यानी वेतन बढ़ोत्तरी रोक दी गई थी। इस नई घटना के बाद अब आगे की कार्यवाही की जा रही है।