अमेरिका की रियल एस्टेट टेक कंपनी ओपनडोर टेक्नोलॉजीज ने भारत में अपने सभी ऑपरेशंस बंद करने का फैसला किया है। इस निर्णय से भारत में काम कर रहे करीब 250 कर्मचारियों की नौकरी पर सीधा असर पड़ा है। कंपनी ने साफ किया है कि यह कदम उसकी वैश्विक रणनीति का हिस्सा है। जिसके तहत कामकाज को अमेरिका में ग्राहकों के और करीब लाया जा रहा है। ओपनडोर की कुल मार्केट वैल्यू करीब 4.32 बिलियन डॉलर (लगभग 41 हजार करोड़ रुपये) बताई जा रही है।
कंपनी के CEO काज नेजाटियन ने बताया कि कुछ रोल को पहले ही अमेरिका शिफ्ट किया जा चुका है और अब भारत में चल रहे ऑपरेशंस को फेज वाइज एक के बाद एक कर के बंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संगठनात्मक दक्षता और बेहतर ग्राहक सेवा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: 90 दिन और 200 लीटर वाली रोक, आखिर 134 रुपये में क्यों मिलेगा डीजल?
भारत में क्यों बंद हुए ऑपरेशंस?
कंपनी के मुताबिक, उसका ज्यादातर कस्टमर बेस अमेरिका में है। जिससे कंपनी को ऑपरेशनल काम को वहीं फोकस करना ज्यादा आसान हो जाता है। पहले, इंडियन टीम अलग-अलग सिस्टम पर मैनुअल काम के लिए जिम्मेदार थी लेकिन अब AI-बेस्ड सिस्टम और इंटीग्रेटेड टेक्नोलॉजी के साथ इन रोल की जरूरत कम हो गई है।
कंपनी ने कहा है कि भारत में काम करने वाले कर्मचारियों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है और यह फैसला उनके प्रदर्शन पर सवाल नहीं उठाता। प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज, आउटप्लेसमेंट सहायता और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी ताकि वे नई नौकरी के लिए तैयार हो सकें। सीईओ ने इस बदलाव को 'कठिन लेकिन जरूरी' बताया और कहा कि कंपनी की मूल रणनीति में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: पहले 500 रुपये की शॉपिंग फिर हजारों का कर्ज, युवाओं की आदत बदल रह BNPL
क्या करती है ओपनडोर?
ओपनडोर कोई आम प्रॉपर्टी डीलर नहीं बल्कि अमेरिका की एक बहुत बड़ी रियल एस्टेट टेक फर्म है। साल 2014 में शुरू की गई यह कंपनी इन्स्टेंट बायर मॉडल पर काम करती है। इसमें मकान मालिकों को बाजार में ग्राहक ढूंढने के लंबे झंझट से मुक्ति मिल जाती है। वे सीधे ओपनडोर को अपना घर कैश ऑफर में बेच सकते हैं। इसके बाद कंपनी उस घर की मरम्मत और अपग्रेड करती है और उसे दोबारा मुनाफे के साथ रीसेल कर देती है। साल 2020 में अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टेड होने वाली यह कंपनी अब तक अमेरिका के 50 बड़े बाजारों में 2.5 लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी डील्स पूरी कर चुकी है।